600 शिक्षामित्रों को बढ़े मानदेय की चेक सौंपेंगे जनप्रतिनिधि
सीतापुर। शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय की चेक पांच मई को सौंपी जाएंगी। खैराबाद के भूमिजा हॉल में एक भव्य कार्यक्रम होगा। वहीं, करीब 600 शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक चेक डीएम, सीडीओ व जनप्रतिनिधि सौंपेंगे। इसको लेकर तैयारियां चल रही हैं। शासन ने शिक्षामित्रों का एक अप्रैल 2026 से प्रति माह 18 हजार रुपये मानदेय कर दिया है। इससे पहले उन्हें 10 हजार रुपये प्रतिमाह मिलते थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांच मई को गोरखपुर से चेक वितरित करेंगे। इस कार्यक्रम का सुबह 11 बजे भूमिजा हॉल में लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने डीएम, सीडीओ, नौ विधायक व चार सांसदों को आमंत्रण पत्र भेजा है। जिले में 2484 शिक्षामित्र इस समय कार्यरत हैं। यह विभिन्न विद्यालयों में पठन-पाठन करा रहे हैं।
पांच मई को खैराबाद के भूमिजा हॉल में होगा भव्य कार्यक्रम
लगाए जाएंगे स्टॉल
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से विभिन्न स्टॉल भी लगाए जाएंगे। योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही विभाग की उपलब्धियां भी गिनाई जाएंगी। नए सत्र में अब तक हुई गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।
“शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय की चेक पांच मई को दी जाएंगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां चल रही हैं।”
— अखिलेश प्रताप सिंह, बीएसए
कार्यक्रम में 600 शिक्षामित्रों को बुलाया गया है। इन सभी को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से चेक वितरण कराया जाएगा। शासन ने सीतापुर को ढाई लाख का बजट जारी किया है।

