● शिक्षा सेवा चयन आयोग की बैठक में बनी योजना, केंद्रों के उपलब्धता की प्रतीक्षा
● दोनों स्तर की टीईटी के लिए पंजीकृत 3.96 लाख अभ्यर्थियों को मिलेगी बड़ी राहत
पहली बार उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) का आयोजन कर रहा शिक्षा सेवा चयन आयोग परीक्षार्थियों के आवागमन की सुविधा का भी ध्यान रख रहा है।
इसके लिए उन अभ्यर्थियों का विवरण अलग से जुटाया गया है, जिन्होंने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों स्तर की टीईटी के लिए आवेदन किया है। ऐसे करीब 3.96 लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा एक ही दिन में अलग-अलग पाली में कराए जाने की योजना पर आयोग की बैठक में चर्चा हुई है। इस अनुरूप परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता होने पर परीक्षा जनपद की सूचना जारी की जाएगी, ताकि परीक्षार्थी जाने-आने की व्यवस्था सुनिश्चित कर सकें।
दो, तीन और चार जुलाई को आयोजित की जाने वाली टीईटी के लिए कुल 16.16 लाख आवेदन हुए हैं। इसमें करीब 3.96 लाख अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिन्होंने दोनों स्तर की टीईटी के लिए आवेदन किया है। अलग-अलग आंकड़े देखें तो उच्च प्राथमिक के लिए 12.12 लाख और प्राथमिक टीईटी के लिए 7.84 लाख आवेदन हुए हैं।
जिन अभ्यर्थियों ने दोनों स्तर की टीईटी के लिए आवेदन किए हैं, उनकी परीक्षा यदि अलग-अलग दिनों में हुई तो उन्हें दो बार जाना-आना पड़ेगा और परीक्षा केंद्र एक ही जनपद में होने पर रुकने की भी व्यवस्था करनी पड़ेगी। ऐसे में इन अभ्यर्थियों की परीक्षा एक ही दिन में कराने की योजना आयोग ने तैयार की है।
परीक्षा केंद्रों की सूचना जिलाधिकारियों से मांगी गई है, ताकि केंद्रों का निर्धारण कर परीक्षा जनपद की सूचना अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले दी जा सके। इसके अलावा अन्य अभ्यर्थियों को केवल एक स्तर की टीईटी में सम्मिलित होने जाना है, इसलिए उन्हें आवागमन में अड़चन नहीं होगी।

