लखनऊ। प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के बीच शिक्षकों से जनगणना कार्य कराए जाने का विरोध तेज हो गया है। शिक्षक संगठनों ने जनगणना कार्य फिलहाल स्थगित करने की मांग उठाई है।
मुख्यमंत्री और जनगणना आयुक्त को भेजे गए ज्ञापन
प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन (यूपी) ने प्रदेश के सभी जिलों में जिलाधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा, जबकि अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री और जनगणना आयुक्त को ज्ञापन भेजकर पांच जून तक कार्य टालने की मांग की।
महासचिव जनगणना आयुक्त की यूपी के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि मई-जून की भीषण गर्मी में घर-घर जाकर जनगणना कराना शिक्षकों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मौसम की स्थिति को देखते हुए फैसला नहीं लिया गया तो शिक्षक कार्य बहिष्कार के लिए बाध्य होंगे।
अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय ने कहा कि यूपी सहित देश के काफी क्षेत्रों में भीषण गर्मी व लू चल रही है। ऐसे में यदि शिक्षकों से जनगणना कार्य कराया जाता है, तो उनकी जान खतरे में पड़ सकती है। ब्यूरो

