22 May 2026

राज्यकर्मियों-पेंशनरों का डीए दो फीसदी बढ़ा

 **राज्यकर्मियों-पेंशनरों का डीए दो फीसदी बढ़ा**

**लखनऊ, * प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों को मिलने वाले महंगाई भत्ते में दो फीसदी का इजाफा कर दिया है। अब महंगाई भत्ता 58 से बढ़कर 60 फीसदी हो गया है। यह लाभ एक जनवरी 2026 से मिलेगा।


वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने इस संबंध में गुरुवार को आदेश जारी कर दिया। इसका लाभ प्रदेश के करीब 28 लाख राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों के कर्मियों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्यप्रभारित कर्मियों तथा यूजीसी वेतनमान में कार्यरत पदधारकों के साथ ही पेंशनरों को मिलेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि बढ़ी हुई दर का भुगतान मई 2026 के नियमित वेतन के साथ नकद किया जाएगा। वहीं एक जनवरी 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक के एरियर का भुगतान अलग व्यवस्था के तहत होगा। शासनादेश के मुताबिक अवशेष धनराशि आयकर और सरचार्ज की कटौती के बाद कर्मचारियों के भविष्य निधि खाते में जमा की जाएगी। यह राशि एक मई 2027 तक खाते में लॉक रहेगी और उससे पहले निकासी नहीं हो सकेगी, सिवाय उन मामलों के जहां भविष्य निधि नियम के तहत अंतिम प्रत्याहरण की अनुमति हो।

 * **28 लाख कर्मियों, पेंशनरों को लाभ, जनवरी 2026 से लागू होगा**

 * **चार माह एरियर पीएफ, पीपीएफ, एनएससी में जमा किया जाएगा**