22 May 2026

भीषण गर्मी में शिक्षकों से जनगणना कराने का विरोध

 

लखनऊ। शिक्षक संगठनों ने प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के बीच शिक्षकों से जनगणना कार्य कराने का कड़ा विरोध किया है। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) और विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने शासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र पटेल और उपाध्यक्ष ओपी त्रिपाठी ने शासन को भेजे पत्र में कहा है कि भीषण गर्मी और लू के चलते घर से बाहर निकलना दुश्वार हो रहा है। प्रशासन भी लोगों से दोपहर में घर से बाहर न निकलने की अपील कर रहा है। ऐसे में शिक्षकों के लिए विपरीत परिस्थितियां क्यों बनाई जा रही हैं? उन्होंने मौसम सामान्य होने तक जनगणना से जुड़ी कार्यवाही तत्काल रोकने की मांग की है। कहा, भीषण गर्मी में बचाव सभी के लिए जरूरी है।

शिक्षकों-कर्मियों के स्वास्थ्य की अनदेखी न हो : विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने भी भीषण गर्मी और लू को देखते हुए सीएम से जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों व कर्मचारियों को राहत देने की मांग की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष तिवारी व प्रदेश महासचिव दिलीप चौहान ने कहा कि गर्मी में घर-घर जाकर सर्वे व फील्ड भ्रमण करना बड़ी चुनौती है। इसमें शिक्षकों व कर्मचारियों के स्वास्थ्य की अनदेखी नहीं की जा सकती। सरकार को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जनगणना कार्य की समय सीमा बढ़ा देनी चाहिए। ब्यूरो

शिक्षक संगठनों ने की शासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग