20 June 2026

23 जून को शिक्षकों और शिक्षामित्रों से सीधे संवाद करेंगे अपर मुख्य सचिव, नए शैक्षिक सत्र की तैयारियों पर होगी चर्चा

 


लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद नए शैक्षिक सत्र की तैयारियों को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा, पाठ्य सतीश चंद्र शर्मा 23 जून को प्रदेश भर के शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े कार्मिकों के साथ ऑनलाइन संवाद करेंगे।

जानकारी के अनुसार, यह संवाद 23 जून को सुबह 11:30 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शैक्षिक सत्र 2026-27 की प्राथमिकताओं, विद्यालय संचालन, शिक्षण गुणवत्ता में सुधार तथा विभागीय योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।


महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका एस. गर्ग ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि इस संवाद कार्यक्रम में जनपद स्तर पर सभी प्रधानाध्यापक, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, शिक्षक संकुल, एआरपी, एसआरजी तथा डायट मेंटर्स की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

इसके लिए सभी डायट प्राचार्यों, एडी बेसिक, बीएसए, वरिष्ठ प्रवक्ताओं, बीईओ एवं डायट मेंटर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विभाग का उद्देश्य नए शैक्षिक सत्र के लिए शिक्षकों को एक साझा मंच पर जोड़ते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सीधे सुनना तथा शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए आवश्यक रणनीति तैयार करना है।

शिक्षा विभाग के इस संवाद कार्यक्रम को आगामी शैक्षिक सत्र की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें प्रदेश के हजारों शिक्षक और शिक्षामित्र सीधे जुड़ेंगे तथा विभागीय प्राथमिकताओं की जानकारी प्राप्त करेंगे।