08 July 2026

टीजीटी समेत 23,800 पदों पर जल्द भर्ती की मांग



प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग में प्रतियोगी अभ्यर्थियों ने टीजीटी, पीजीटी, प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक के करीब 23,800 पदों पर शीघ्र विज्ञापन जारी करने तथा नवंबर 2026 तक परीक्षा कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में दिनेश यादव, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल रहे। दिनेश यादव ने कहा कि लंबित भर्तियों का विज्ञापन जल्द जारी कर परीक्षा कराई जाए, जबकि सुनील कुमार ने वर्षों से तैयारी कर रहे युवाओं के हित में शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।


परिणाम में पारदर्शिता की मांग, अध्यक्ष को ज्ञापन


प्रयागराज। प्रतियोगी छात्र प्रतिनिधिमंडल ने टीजीटी, पीजीटी और असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के परिणाम, फाइनल उत्तर कुंजी और कटऑफ को लेकर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के उपसचिव डॉ. संजय सिंह से वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल ने परिणाम जारी होने के बावजूद उत्तरकुंजी और कटऑफ सार्वजनिक न करने पर आपत्ति जताई। शीतला प्रसाद ओझा ने बताया कि आयोग अध्यक्ष को आठ सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा गया है।