विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची दुरुस्त करने की बड़ी कवायद, घर-घर जाएंगे बीएलओ
लखनऊ। प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने की अंतिम बड़ी कवायद अगले माह से शुरू होगी। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के बाद अब विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कराया जाएगा। इस अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाने का काम करेंगे।
शनिवार-रविवार चलेगा विशेष अभियान
आयोग के सूत्रों के मुताबिक एसएसआर की प्रक्रिया सितंबर से प्रारंभ होने की संभावना है। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए करीब 30-40 दिन का समय निर्धारित होगा। शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक बीएलओ सभी तरह के फॉर्म और मतदाता सूची लेकर मतदान केंद्र पर उपस्थित रहेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी और इलेक्ट्रोल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ईआरओ) अभियान की निगरानी करेंगे।
जनवरी में जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
एसएसआर के बाद अंतिम मतदाता सूची जनवरी में जारी की जाएगी। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान अंतिम मतदाता सूची 7 जनवरी 2022 को प्रकाशित हुई थी। इस बार भी विधानसभा चुनाव निर्धारित समय पर होने की संभावना को देखते हुए जनवरी के पहले सप्ताह में अंतिम मतदाता सूची जारी किए जाने की उम्मीद है।
घर-घर जाकर होगा सत्यापन
एसआईआर के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची के बाद एसएसआर शुरू होगा। अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का काम किया जाएगा। स्थानांतरित, मृतक और अनुपस्थित मतदाताओं को भी चिन्हित किया जाएगा।
नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए संबंधित फॉर्म का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भी लिया जाएगा।
पूरी प्रक्रिया मैनुअल और ऑनलाइन इलेक्ट्रोल रोल-2023 के तहत पूरी होगी तथा बूथ और पंचायत का परिसीमन भी इसी प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।

