16 September 2026

कनिष्ठ सहायक पद की टंकण परीक्षा के लिए 46 हजार पात्र, लेखपाल भर्ती: 29 तक अपलोड होंगे प्रमाण पत्र

  अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने मंगलवार को कनिष्ठ सहायक के 3279 पदों पर भर्ती के लिए पात्र अभ्यर्थियों की टंकण परीक्षा का कटऑफ जारी कर दिया है। इन पदों पर चयन के लिए मुख्य लिखित परीक्षा के लिखित परिणाम के आधार पर 46282 अभ्यर्थी टंकण परीक्षा के लिए चिह्नित किए गए थे।



अनारक्षित श्रेणी, अनुसूचित जाति श्रेणी, अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग श्रेणी के लिए कटऑफ 73.50 अंक और अनुसूचित जनजाति श्रेणी के लिए कटऑफ 66.00 अंक तय किया गया है। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्रमा सेनानियों के आश्रितों के लिए कटऑफ अंक 67 है, जबकि सैन्य वियोजित व पूर्व सैनिक को उपलब्धता की सीमा तक सभी अभ्यर्थी चिह्नित किए जाएंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि टंकण दक्षता के संबंध में सूचना दी जाएगी।


वन रक्षक के तीन अभ्यर्थी पात्र: वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक के 709 पदों के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया के बीच तीन और अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षा के लिए पात्र पाया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के आदेश पर चार अभ्यर्थियों की शरीरिक परीक्षा करवाई गई थी। इसमें तीन को चिकित्सीय परीक्षा के लिए पात्र पाया गया है। चिकित्सा परीक्षा संबंधी सूचना अलग से जारी की जाएगी।


लेखपाल भर्ती: 29 तक अपलोड होंगे प्रमाण पत्र


लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने लेखपाल के 7994 पदों पर भर्ती के लिए प्रमाण पत्र ऑनलाइन अपलोड करने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसे मंगलवार से 29 सितंबर तक आयोग की वेबसाइट https://upsssc.gov.in पर अपलोड किया जा सकेगा। आयोग ने लिखित परीक्षा के आधार पर 11 सितंबर को कटऑफ जारी करते हुए 28409 अभ्यर्थियों को पात्र पाया है।


परिवहन निगम: संविदा पर रखे जाएंगे परिचालक


लखनऊ। परिवहन निगम में परिचालकों को अनुबंध के आधार पर भर्ती किया जाएगा। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के अनुसार परिवहन निगम में अब सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा और परिचालकों को सीधे अनुबंध के आधार पर रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन सेवा प्रदाता की अनुबंध अवधि 31 अक्तूबर को पूरी हो रही है, उनके द्वारा रखे गए आउटसोर्स परिचालकों से एक नवंबर से तथा 31 जनवरी, 2027 को अनुबंध अवधि पूर्ण होने वाले परिचालकों से एक फरवरी, 2027 से संविदा परिचालक के रूप में काम लिया जाएगा। इससे पहले उन्हें सभी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करनी होंगी।