योगी सरकार ने जीत की हैट्रिक लगाने के लिए तैयार की योजना
लखनऊ। योगी सरकार यूपी में जीत की हैट्रिक लगाना चाहती है। इसके लिए मेगा प्लान तैयार किया है। विपक्ष के पीडीए सहित नेरेटिव सेट करने की हर कोशिश का जवाब रोजगार, विकास और कानून-व्यवस्था के बूते देने की तैयारी है। एक लाख रोजगार के महाभियान, विभिन्न समूहों की मानदेय बढ़ोत्तरी और कैशलेस इलाज की सुविधा देकर नया लाभार्थी वर्ग तैयार किया जा रहा है। लाखों लोगों को सामाजिक सुरक्षा का कवच देने के साथ ही मिशन-2027 के लिए वोट बैंक बढ़ाने पर पूरा फोकस है।
यूपी में 2014 से लगातार जीत के घोड़े पर सवार भाजपा का जोर लगातार अपना वोट बैंक बढ़ाने पर है। 2024 के लोकसभा चुनाव को छोड़ दें तो पार्टी को लगातार इस मुहिम में सफलता भी मिली है। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली सरकार रोजगार और हिन्दुत्व की चासनी में पगे विकास मॉडल का नेरेटिव गढ़ने में जुटी है। चुनावी तिथियों के ऐलान में भले ही वक्त हो लेकिन सरकार पूरी तरह इलेक्शन मोड में है। जिलों में करोड़ों-अरबों की विकास योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास के साथ ही सरकार ने हाल ही में मिशन एक लाख रोजगार शुरू किया है। इसे विभागवार समूहों में बांटकर आयोजित किया जा रहा है, ताकि यह शृंखला लंबी चल सके और चुनाव तक इसकी गूंज को बरकरार रखा जा सके।

