09 October 2026

एसआई भर्ती 2025 की मुख्य परीक्षा दस महीने में भी तय नहीं

  दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीपीओ) में सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और सीआईएसएफ में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर बनने का सपना देख रहे युवाओं का इंतजार खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) एसआई सीपीओ 2025 भर्ती के प्रथम चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा कराने के दस महीने बाद अब तक दूसरे चरण की परीक्षा तिथि तय नहीं कर सका है। आयोग ने 26 सितंबर को अधिसूचना जारी की थी और प्रथम चरण की परीक्षा नौ से 12 दिसंबर तक कराई गई थी।


ये भी पढ़ें - एलटी ग्रेड संस्कृत विषय का फाइनल रिजल्ट जारी

ये भी पढ़ें - यूपी: हर बीएलओ को मिला 20 से 25 मतदाता बनाने का लक्ष्य, सपा ने जताया विरोध; 23 अक्तूबर को अवकाश की मांग

प्रथम चरण का परिणाम 30 मार्च को घोषित हुआ था और उसके बाद शारीरिक सहनशक्ति परीक्षण (पीईटी)/शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) भी हो चुका है। हजारों अभ्यर्थी तैयारी में जुटे हैं लेकिन यह नहीं पता है कि मुख्य परीक्षा कब होगी। परेशान अभ्यर्थी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभियान भी चला रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जानकारों की मानें तो पीईटी और पीएसटी का परिणाम घोषित होने के बाद मुख्य परीक्षा की तिथि जारी होगी। इससे पहले एसआई भर्ती 2024 में भी देरी ने अभ्यर्थियों को खासा परेशान किया था।



जेई भर्ती 2026 में 1699 पद मिले, घटी 49 रिक्तियां


प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग की जूनियर इंजीनियर भर्ती-2026 के रिक्त पदों का ब्योरा गुरुवार को जारी कर दिया। दो सितंबर को जारी अधिसूचना में 1748 रिक्त पदों का जिक्र था। हालांकि केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से जेई और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) में साइंटिफिक असिस्टेंट के 1699 पदों की सूचना ही मिली है। इनमें भी आईएमडी में साइंटिफिक असिस्टेंट के सर्वाधिक 462 पद हैं। सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट में जेई सिविल के 343 और बॉर्डर रोड्स आर्गेनाइजेशन में जेई सिविल के 271 पद हैं। इसकी प्रथम चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा दो से छह नवंबर तक प्रस्तावित है।


असि. प्रोफेसर भर्ती को सवा लाख आवेदन


प्रयागराज। प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त सह-शिक्षा महाविद्यलयों एवं महिला महाविद्यालयों के सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) के रिक्त 1936 पदों पर भर्ती के लिए सवा लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सात अक्तूबर तक आवेदन मांगे थे। आवेदन में त्रुटि संशोधन के लिए 11 अक्तूबर तक का मौका दिया गया है जबकि लिखित परीक्षा 19 और 20 नवंबर को प्रस्तावित है।


संस्कृत विश्वविद्यालय से मांगे आवेदन


प्रयागराज । शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी से आचार्य (संस्कृत) योग्यताधारी अभ्यर्थियों से भी सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता संस्कृत भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। सचिव माध्यमिक शिक्षा के सात अक्तूबर के पत्र का संज्ञान लेते हुए इन अभ्यर्थियों को मान्य किया गया है। आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्तूबर है।


साल-दर-साल बढ़ता जा रही अभ्यर्थियों का इंतजार


सीपीओ एसआई भर्ती के अभ्यर्थियों का इंतजार साल-दर-साल बढ़ता जा रहा है। 2023 की भर्ती में अधिसूचना जारी होने के 170 दिन बाद पेपर-टू (मुख्य परीक्षा) कराई गई थी जबकि 2024 की भर्ती में अधिसूचना जारी होने के 369 दिन बाद मुख्य परीक्षा का आयोजन हुआ था। 2025 की भर्ती में गुरुवार तक 377 दिन बीत चुके हैं लेकिन अब तक मुख्य परीक्षा की तिथि घोषित नहीं हो सकी है।