09 October 2026

ऐप से ऑनलाइन जुड़ेगी प्रदेश की प्रत्येक महिला



क्यूआर स्कैन करते ही  कोई भी महिला कर सकेगी शिकायत

देश में पहली बार शुरू की जा रही योजना

लखनऊ, \। प्रदेश की महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था तैयार कर रही है। इसके तहत महिला सुरक्षा के लिए एक विशेष मॉनिटरिंग सेल तैयार किया जा रहा है, जिसमें एप के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं के लिए शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को और सुगम बनाने की तैयारी है।

ये भी पढ़ें - विभिन्न शिक्षक भर्तियों में गुणांक की पूरी विधि, जानें किस भर्ती में कैसे हुआ मेरिट का निर्धारण

ये भी पढ़ें - शिक्षक ध्यान दें: स्कूल विजिट के दौरान इन महत्वपूर्ण बिंदुओं की होगी जांच, फोटो सहित तैयार रखें रिकॉर्ड


प्रस्तावित व्यवस्था में क्यूआर कोड स्कैन करते ही महिला शिकायत दर्ज करा सकेगी। वहीं एप के माध्यम से महिलाओं को ऑनलाइन सुरक्षा तंत्र से जोड़ने की व्यवस्था भी की जाएगी।


राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा. बबिता सिंह चौहान ने गुरुवार को बताया कि इस पहल की खास बात यह होगी कि महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों और उनसे संबंधित कार्रवाई की निगरानी के लिए व्यवस्था को प्रदेश स्तर पर जोड़ा जाएगा। लखनऊ स्थित कमांड सेंटर से सभी 75 जिलों पर नजर रखने की योजना है। कमांड सेंटर में तैनात विशेष सेल महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की मॉनिटरिंग के साथ ही जरूरत के अनुसार विभिन्न विभागों और संबंधित तंत्र के बीच समन्वय की भूमिका निभाएगा।


इससे शिकायतों को संबंधित स्तर तक पहुंचाने और उनके निस्तारण की निगरानी को अधिक व्यवस्थित बनाने का प्रयास होगा।


आयोग को भी मिलेगा और प्रभावी स्वरूप


महिला सुरक्षा के इस व्यापक प्रयास के बीच उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की भूमिका को भी और प्रभावी बनाने पर जोर है। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने अपने कार्यकाल के विस्तार के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से महिला आयोग के आगामी कार्यों, दायित्वों और प्राथमिकताओं के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। डॉ. बबिता सिंह चौहान ने आयोग द्वारा महिलाओं के हित में किए जा रहे कार्यों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी।