रसोइयों के खाते में जल्द भेजा जाएगा मानदेय
लखनऊ। यूपी के परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में मिड डे मील बनाने वाले 3.50 लाख रसोइयों के खाते में जल्द बढ़ा मानदेय भेज दिया जाएगा। अभी तक उन्हें 2000 रुपये मासिक मानदेय दिया जाता था और अब यह बढ़ाकर 3000 रुपये कर दिया गया है। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक प्रेम रंजन सिंह की ओर से सभी जिलों के बीएसए व वित्त एवं लेखाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बढ़ा हुआ मानदेय जल्द रसोइयों के खाते में भेजना सुनिश्चित करें।
ये भी पढ़ें - राज्य शिक्षक पुरस्कार पाने के लिए छिपाए थे तथ्य, प्रभारी प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई
ये भी पढ़ें - विषय बदलकर समायोजन कराने की पुष्टि, प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित
बीते सितंबर महीने से बढ़े मानदेय की व्यवस्था लागू की गई थी और जिसका भुगतान अक्तूबर महीने से किया जाना है। ऐसे में मानदेय में 1000 रुपये की बढ़ोतरी के साथ बढ़ा हुआ कुल 3000 रुपये मानदेय इनके खाते में जल्द भेजा जाएगा।
मालूम हो कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से रसोइयों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा के बाद शासनादेश जारी किया गया था। अब मध्याह्न भोजन प्राधिकरण की ओर से इन्हें जल्द बढ़े मानदेय का भुगतान किए जाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। फिलहाल अब रसोइयों के खाते में जल्द 3000 रुपये मानदेय भेजा जाएगा। रसोइयों को प्रति वर्ष 10 महीने के लिए मानदेय पर रखा गया है।

