18 October 2026

एलटी ग्रेड गृह विज्ञान का परिणाम घोषित, पुरुष वर्ग में 151 पद खाली

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक (एलटी ग्रेड) भर्ती-2025 में गृह विज्ञान विषय के पुरुष वर्ग में योग्य अभ्यर्थियों की कमी के कारण 151 पद खाली रह गए हैं।

आयोग ने शनिवार को गृह विज्ञान विषय की मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। पुरुष वर्ग में कुल 206 रिक्त पदों के मुकाबले महज 55 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। वहीं, महिला वर्ग में 163 पदों के सापेक्ष 163 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। आयोग ने गृह विज्ञान विषय के तीन समूहों में भर्ती प्रक्रिया संचालित की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पहले समूह का परिणाम पूरी तरह औपबंधिक है। सफल अभ्यर्थियों के मूल प्रमाणपत्रों का मिलान और सत्यापन किया जाएगा। अभिलेख सही पाए जाने के बाद ही उनकी संस्तुति भेजी जाएगी। वहीं, दूसरे और तीसरे समूह की मुख्य परीक्षा के लिए दो प्रश्नपत्र निर्धारित हैं। इनमें दूसरे प्रश्नपत्र की परीक्षा अभी आयोजित होनी बाकी है। आयोग ने बताया कि इन दोनों समूहों का अंतिम परिणाम दूसरे प्रश्नपत्र की परीक्षा के बाद नियमानुसार घोषित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - स्टेशन मास्टर भर्ती की अब न्यूनतम उम्र 20 साल की

ये भी पढ़ें - पदोन्नति को लेकर निर्णायक संघर्ष का ऐलान

सम्भागीय निरीक्षक के 11 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन


प्रयागराज। यूपीपीएससी ने सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) परीक्षा-2020 का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। कुल 11 रिक्त पदों के सापेक्ष 11 अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से सफल घोषित किया गया है। लिखित परीक्षा 21 नवंबर 2021 को हुई थी, जबकि प्रायोगिक परीक्षा सात से 14 सितंबर 2026 तक आयोजित की गई। प्रायोगिक परीक्षा के लिए 281 अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया था, जिनमें 260 उपस्थित हुए। आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के अनुसार प्रमाणपत्रों के सत्यापन के बाद चयनित अभ्यर्थियों की संस्तुति शासन को भेजी जाएगी।