हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

20 November 2026

: सभी उच्च प्राथमिक एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में छात्राओं के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

कुशीनगर: सभी उच्च प्राथमिक एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में छात्राओं के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

Kushinagar News: जनपद कुशीनगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने माननीय उच्चतम न्यायालय में दाखिल रिट याचिका संख्या (सिविल)-1000/2022 डॉ. जया ठाकुर बनाम भारत सरकार एवं अन्य में 30 जनवरी 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में विद्यालयों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा 20 अगस्त 2026 को जारी पत्र में समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनपद के सभी परिषदीय उच्च प्राथमिक, कंपोजिट, सहायता प्राप्त, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में छात्राओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

जारी किए गए प्रमुख निर्देश

1. अलग शौचालय की व्यवस्था: बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय उपलब्ध कराए जाएं। शौचालयों में पानी, हाथ धोने की व्यवस्था, साबुन, प्रकाश, वेंटिलेशन एवं दरवाजे की समुचित व्यवस्था हो।

2. दिव्यांग बच्चों के लिए सुविधा: विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों के लिए भी शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

3. मुफ्त सैनिटरी नैपकिन: ASTMD-6954 मानकों के अनुसार निर्मित अच्छी गुणवत्ता वाले बायोडिग्रेडेबल सैनिटरी नैपकिन बालिकाओं को निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए शौचालय परिसर के अंदर सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन अथवा विद्यालय में निर्धारित स्थान पर व्यवस्था की जाए।

4. माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (MHM) कॉर्नर: विद्यालयों में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन कॉर्नर बनाया जाए। इसमें छात्राओं के लिए सहज उपलब्धता के साथ आकस्मिक आवश्यकता हेतु अतिरिक्त अंतर्वस्त्र, अतिरिक्त स्कूल यूनिफॉर्म एवं डिस्पोजेबल बैग उपलब्ध हों। प्राथमिक उपचार की व्यवस्था तथा प्रशिक्षित महिला शिक्षक को इस कार्य के लिए नामित किया जाए।

5. सैनिटरी नैपकिन का सुरक्षित निस्तारण: विद्यालयों में सैनिटरी नैपकिन के सुरक्षित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल निस्तारण की व्यवस्था हो। प्रत्येक शौचालय में ढक्कनयुक्त डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखा जाए तथा उसकी नियमित सफाई कराई जाए अथवा इंसीनरेटर की व्यवस्था की जाए।

6. शिक्षकों का प्रशिक्षण: माहवारी के दौरान छात्राओं को संवेदनशीलता एवं गरिमापूर्ण सहायता प्रदान करने के लिए सभी शिक्षकों को माहवारी स्वच्छता के विषय में समुचित प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण दिया जाए।

7. जागरूकता अभियान: विद्यालयों में माहवारी स्वच्छता से संबंधित प्रचार-प्रसार किया जाए। जन औषधि सुविधा केंद्रों पर ऑक्सो-बायोडिग्रेडेबल सैनिटरी नैपकिन की उपलब्धता तथा राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) द्वारा स्थापित चाइल्ड हेल्पलाइन के संबंध में भी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

सभी विद्यालयों को अनुपालन के निर्देश

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिया है कि उपरोक्त दिशा-निर्देशों का जनपद के सभी संबंधित परिषदीय उच्च प्राथमिक, कंपोजिट, सहायता प्राप्त, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

यह निर्देश छात्राओं की स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा, गरिमा एवं माहवारी के दौरान विद्यालय में सहज उपस्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more