प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को उद्योग जगत के दिग्गजों को संबोधित करते हुए सवाल पूछा- मैंने तो कर में छूट दी, क्या आपने भर्तियां और वेतन बढ़ाया।
दिल्ली में आयोजित फिक्की की वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने उद्योग जगत से कहा कि वे लोगों की बढ़ी क्रय शक्ति का इस्तेमाल ज्यादा रोजगार पैदा करने, आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने में करें।
मोदी ने कहा- मुझे पता है कि आप तालियां नहीं बजाएंगे। यह अच्छी तरह जानता हूं, क्योंकि आपकी अपेक्षाएं इतनी अधिक हैं कि आपको कितना भी दे दिया जाए, वह कम ही लगता है।
ये भी पढ़ें - जनगणना-चुनावी ड्यूटी में लगे स्कूलों के शिक्षक, अब बीएड-बीटीसी प्रशिक्षु लेंगे क्लास; दिशा-निर्देश जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैंने 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर आयकर में राहत दी है। लेकिन क्या आपने अपने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया है, क्या कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई है? नहीं। आपका हमेशा यही कहना होता है कि मोदी जी, आप करिये, हम देखेंगे कि क्या होता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कारोबार के लिए अनुकूल माहौल बनाने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। इनमें 2014 में मूल कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 से घटाकर 22 प्रतिशत करना, आयकर रिटर्न और रिफंड की प्रक्रिया सरल बनाना, कई उत्पादों पर जीएसटी की दरें कम करना शामिल है।
विकास की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार से लगातार रियायतों की अपेक्षा करने के बजाय उद्योग जगत को अपने कर्मचारियों के लिए अधिक काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं है। मोदी ने कहा, कोई देश किसानों, छोटे उद्यमियों, उद्योगों, संपत्ति सृजित करने वालों और करदाताओं का सम्मान किए बिना आगे नहीं बढ़ सकता। उनकी आलोचना से प्रगति नहीं हो सकती।

