हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

16 November 2026

सात माह की उम्र में शिक्षक बने आमिर! बाराबंकी में पदोन्नति की अंतिम वरिष्ठता सूची में बड़ी गड़बड़ी

सात माह की उम्र में शिक्षक बने आमिर! बाराबंकी में पदोन्नति की अंतिम वरिष्ठता सूची में बड़ी गड़बड़ी

बाराबंकी। बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया एक बार फिर विवादों में घिर गई है। सहायक अध्यापकों की अनंतिम वरिष्ठता सूची में सैकड़ों आपत्तियां आने के बाद विभाग ने सूची को दोबारा संशोधित कर ऑनलाइन किया था, लेकिन संशोधित सूची में भी गंभीर गड़बड़ियां सामने आ गई हैं। हैरानी की बात यह है कि सूची में एक शिक्षक की नियुक्ति की तारीख उनकी जन्मतिथि के महज सात महीने बाद दर्शा दी गई है।

समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार, प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों की वरिष्ठता सूची में मोहम्मद आमिर का नाम पहले स्थान पर दर्ज है। सूची में उनकी जन्मतिथि 12 मार्च 1990 और प्रथम मौलिक नियुक्ति तिथि 16 अक्टूबर 1990 दर्ज की गई है। जबकि वास्तविकता में उनकी नियुक्ति वर्ष 2016 की 16,448 शिक्षक भर्ती के तहत हुई थी। इस तरह रिकॉर्ड में उन्हें महज सात माह की उम्र में शिक्षक बना दिया गया।

अनुभव और सेवा विवरण में भी गंभीर गलतियां

वरिष्ठता सूची में केवल जन्मतिथि और नियुक्ति तिथि का मामला ही नहीं है, बल्कि कई अन्य शिक्षकों के सेवा विवरण में भी गड़बड़ियां सामने आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे शिक्षकों और जेल जा चुके एक शिक्षक का नाम भी सूची में शामिल है।

कुछ शिक्षकों के सेवा विवरण में गलतियां दर्ज हैं। वहीं, सूची में ऐसे शिक्षकों को भी वरिष्ठता क्रम में ऊपर स्थान दिया गया है, जिनके रिकॉर्ड में गंभीर विसंगतियां बताई गई हैं।

1997 से 1999 बैच के शिक्षकों की वरिष्ठता भी प्रभावित

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि वरिष्ठता क्रम निर्धारित करने में बड़ी लापरवाही हुई है। वर्ष 1997 से 1999 के बीच नियुक्त शिक्षकों के क्रम को दरकिनार करते हुए वर्ष 2000 से 2003 के बीच नियुक्त शिक्षकों को जोड़-घटाकर सूची तैयार कर दी गई।

13 नवंबर तक सूची अपलोड करने के थे निर्देश

बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने 12 नवंबर को आदेश जारी कर 13 नवंबर तक नवीनतम वरिष्ठता सूची अपलोड करने के निर्देश दिए थे। लेकिन जल्दबाजी में सूची तैयार और अपलोड किए जाने के कारण गलतियां सामने आने लगीं।

अब इस मामले ने बेसिक शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब पहली सूची में सैकड़ों गलतियां सामने आई थीं, तो दोबारा सूची जारी करने से पहले रिकॉर्ड का सही तरीके से सत्यापन क्यों नहीं किया गया?

शिक्षकों की पदोन्नति जैसे महत्वपूर्ण मामले में वरिष्ठता सूची की शुद्धता बेहद जरूरी है। ऐसे में विभाग से अपेक्षा है कि सभी शिक्षकों के जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि और सेवा विवरण का अभिलेखों से मिलान कर त्रुटिरहित अंतिम सूची जारी की जाए।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more