24 November 2026

‘अनुकंपा नियुक्ति करने से इनकार नहीं कर सकते’

‘अनुकंपा नियुक्ति करने से इनकार नहीं कर सकते’


प्रयागराज, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि अनुकंपा नियुक्ति (मृतक आश्रित कोटे) के मामलों में केवल अधिकतम आयु सीमा (30 वर्ष) पार कर लेने के आधार पर आश्रित के दावे को खारिज करना मनमाना और कानून की नजर में अनुचित है।

यह आदेश न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के उन आदेशों को रद्द करते हुए दिया है, जिनमें दिवंगत कर्मचारी के पुत्र को ओवरएज (अधिक आयु) बताकर अनुकंपा नियुक्ति देने से मना कर दिया गया था।

ये भी पढ़ें - बिना पंखे वाली कार ने चीन में भरी सफल उड़ान

ये भी पढ़ें - UPTET 2026 Notification Out: ऑनलाइन आवेदन 24 नवंबर से, परीक्षा 26-27 फरवरी 2027


याची दिव्य ज्योति मुखर्जी के पिता विजय मुखर्जी बीएचयू में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। सेवाकाल के दौरान 27 सितंबर 2024 को उनका निधन हो गया। परिवार को तत्काल आर्थिक राहत देने के लिए याची को 3 दिसंबर 2024 को मानदेय के आधार पर अस्थायी रूप से प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट नियुक्त किया गया था। इसके बाद याची की मां सुचित्रा मुखर्जी ने 7 जनवरी 2025 को अपने इकलौते बेटे के लिए अनुकंपा नियुक्ति की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया।

विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव ने 20 जनवरी 2025 और 30 अगस्त 2025 के आदेश से यह कहते हुए आवेदन प्रपत्र (प्रोफार्मा) देने और नियुक्ति पर विचार करने से इनकार कर दिया कि याची सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित अधिकतम आयु सीमा (30 वर्ष) पार कर चुका है। इसके खिलाफ याची ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। याची के अधिवक्ताओं ने दलील दी कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य परिवार को अचानक आए आर्थिक संकट से उबारना है। यदि आयु सीमा में छूट नहीं दी गई तो इस योजना का मूल उद्देश्य ही विफल हो जाएगा। उन्होंने इसी विश्वविद्यालय से जुड़े एक पूर्व मामले (नामिराक्पम शांगबानाबी देवी बनाम बीएचयू) में खंडपीठ के फैसले का भी हवाला दिया। विश्वविद्यालय के अधिवक्ताओं ने तर्क दिया कि 2019 के संशोधित नियमों के तहत सामान्य वर्ग के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तय है और नए नियमों में अधिकतम आयु सीमा में छूट का कोई प्रावधान नहीं है।

दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति एक कल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य कमाने वाले सदस्य की आकस्मिक मृत्यु के बाद परिवार को भुखमरी और आर्थिक तंगी से बचाना है। कोर्ट ने कहा कि संशोधित नियमों में अधिकतम आयु सीमा में छूट का स्पष्ट उल्लेख नहीं है (जो पहले के नियमों में था), तो इस चुप्पी को छूट देने पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं माना जा सकता। कल्याणकारी योजनाओं की व्याख्या उदारतापूर्वक और मानवीय दृष्टिकोण से की जानी चाहिए। नियमों के तहत परिवार में किसी कमाने वाले सदस्य की मौजूदगी या अन्य कल्याणकारी योजनाओं से मिले लाभ के बावजूद पूरे परिवार की समग्र आर्थिक स्थिति का आकलन किया जाना चाहिए। विश्वविद्यालय ने परिवार की आर्थिक स्थिति और इस तथ्य पर विचार ही नहीं किया कि याची अपनी विधवा मां की देखभाल करने वाला एकमात्र सदस्य है। कोर्ट ने बीएचयू प्रशासन के 20 जनवरी 2025 और 30 अगस्त 2025 के आदेशों को रद्द करते हुए याचिका स्वीकार कर ली है। कोर्ट ने संबंधित प्राधिकारी को निर्देश दिया कि वह इस आदेश में की गई टिप्पणियों को ध्यान में रखते हुए याची के मामले पर नए सिरे से विचार करे और प्रमाणित प्रति प्रस्तुत किए जाने की तिथि से एक महीने के भीतर शीघ्र निर्णय ले।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more