पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह के नाती एवं बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह व उनके भाई सौरभ सिंह की सगाई समारोह तालानगरी में आयोजित किया जाएगा। सगाई समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को अलीगढ़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव मौर्य, अंडमान निकोबार के उपराज्यपाल दिनेश शर्मा समेत उप्र सरकार के दर्जनों मंत्री सगाई समारोह मं शामिल होंगे। समारोह एक लाख मेहमान शामिल होंगे।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह व उनके भाई सौरभ सिंह की तालानगरी संतफिदेलिस स्कूल के बराबर में खाली मैदान में शनिवार को सगाई समारोह होगा। सगाई समारोह के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी की गई है। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव मौर्य समेत अन्य मंत्री शामिल होंगे। शनिवार को दिनभर अलीगढ़ में वीवीआईपी व वीआईपी का जमावड़ा रहेगा। इसको लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। ट्रैफिक डायवर्जन से लेकर पार्किंग के इंतजाम पुलिस प्रशासन ने किए हैं। शनिवार को क्वार्सी चौराहे से तालानगरी का सफर कठिन होगा। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्वार्सी से तालानगरी जाने वाला मार्ग लेफ्ट साइड चलता रहेगा। जिस साइड सगाई समारोह का कार्यक्रम है उधर आवागमन सीमित रहेगा। कैलाशखेर की गानों की प्रस्तुति भी सगाई समारोह वाले पंडाल में होगी।
20 मिनट सगाई समारोह में रुकेंगे मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार 14 नवंबर को जिले के भ्रमण पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री मेरठ से राजकीय हेलीकॉप्टर से दोपहर 2:55 बजे तालानगरी स्थित हेरिटेज स्कूल ग्राउंड के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से मुख्यमंत्री कार द्वारा कार्यक्रम स्थल, तालानगरी स्थित रामघाट कल्याण मार्ग पहुंचेंगे। जहां दोपहर 3-05 बजे से 3-25 बजे तक राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह एवं सौरभ सिंह के सगाई समारोह में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री 3:30 बजे हेलीपैड हेरिटेज स्कूल ग्राउंड पहुंचेंगे और 3:35 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। जिस पंडाल में मुख्यमंत्री रहेंगे वहां पर लोगों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित दर्जनों मंत्री शामिल होंगे
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को दोपहर 12:15 बजे शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह व सौरभ सिंह के सगाई समारोह में तालानगरी में शामिल होंगे। उप मुख्यमंत्री 12:45 बजे सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के उपरांत विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। अंडमान-निकोबार के उप राज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा शनिवार को अलीगढ़ आएंगे। सगाई समारोह में शामिल होने के साथ जलवायु परिवर्तन संवाद में शामिल होंगे। भ्रमण के दौरान वह पर्यावरण संरक्षण समिति, अलीगढ़ द्वारा एस.जे.डी. मेमोरियल पब्लिक स्कूल, टीकाराम कॉलोनी में आयोजित जलवायु परिवर्तन संवाद में सहभागिता करेंगे। जलवायु परिवर्तन के कारण द्वीप समूहों एवं मैदानी क्षेत्रों पर पड़ने वाले पर्यावरणीय प्रभावों, विशेषकर अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के संदर्भ में विचार-विमर्श किया जाएगा। उप राज्यपाल सुबह 10:30 बजे अलीगढ़ पहुंचेंगे। सुबह 11:20 बजे जलवायु परिवर्तन संवाद में शामिल होने के बाद अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
ये भी होंगे शामिल
मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास उत्तर प्रदेश धर्मपाल सिंह, 3:30 बजे सगाई समारोह में शामिल होंगे। इससे पहले विभागीय अफसरों के साथ बैठक करेंगे। मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश जयवीर सिंह भी शामिल होंगे। इसके अलावा अन्य कई मंत्री, सांसद, विधायक व भाजपा के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

