शिंजो आवे के निधन पर पीएम मोदी बोले दोस्त खो दिया, 1 दिन का राष्ट्रीय शोक का ऐलान


शिंजो आवे के निधन पर पीएम मोदी बोले दोस्त खो दिया, 1 दिन का राष्ट्रीय शोक का ऐलान

 भारत मित्र और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की शुक्रवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के वक्त आबे नारा शहर में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। पीछे से आए हमलावर ने उन्हें दो गोलियां मारी और आबे गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया पर बचाया नहीं जा सका। सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी घटना को पीड़ादायक बताते हुए राजकीय शोक की घोषणा की है।

नीतियों का विरोधी था : हमलावर का असली मकसद क्या था, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है पर मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि वह शिंजो आबे की नीतियों का विरोधी था। प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने इस हमले को बर्बर करार दिया है। उन्होंने कहा कि इसे माफ नहीं किया जा सकता।

गोली से दिल में बन गया था बड़ा छेद : नारा मेडिकल यूनिवर्सिटी के आपातकालीन विभाग के प्रमुख हिदेतादा फुकुशिमा ने कहा कि उन पर दो गोलियां चलीं। इनमें से एक गर्दन और एक छाती पर लगी। दिल की धमनी क्षतिग्रस्त हो जाने से काफी रक्तस्राव हुआ। जब अस्पताल लाया गया तो उनकी सांसें चल रही थीं लेकिन दिल का दौरा पड़ा और उनके महत्वपूर्ण अंग फिर से सक्रिय नहीं हो पाए।

दो दशक तक जापान की सियासत पर छाए रहे: आबे सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रभावशाली नेता थे और वह उसके सबसे बड़े धड़े सेइवकाई का नेतृत्व करते थे। जापान के पूर्व विदेश मंत्री शिनतारो आबे के पुत्र शिंजो आबे को वहां की राजनीति में प्रिंस कहा जाता था। वो एक तरह से जापान की सियासत में छाए रहने वाले परिवार से आते थे। उनके दादा नोबुसुके किशी जापान के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। करीब दो दशक तक शिंजो आबे वहां की राजनीति का चमकता सितारा रहे। भारत ही नहीं, दुनियाभर में नेताओं के साथ लोग भी उन्हें बेहद सम्मान की नजर से देखते थे। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद वह जापान के सबसे युवा पीएम चुने गए थे। स्वास्थ्य कारणों से 28 अगस्त 2020 को आबे ने प्रधानमंत्री का पद छोड़ दिया था। प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा कि सरकार सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेगी। जापानी संसद के सदन के लिए रविवार को मतदान के लिए शिंजो प्रचार कर रहे थे। सायोनारा शिंजो

मुख्यमंत्री ने शोक जताया यूपी में आज राजकीय शोक

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिंजो आबे के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि भारत-जापान मैत्री को नई ऊंचाई तक पहुंचाने वाले शिंजो आबे की मृत्यु अत्यंत दु:खद है। उन्होंने ट्वीट कर दुख जताया है और कहा है कि मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिजनों व जापानवासियों के साथ हैं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, ब्रजेश पाठक ने भी शिंजो के निधन पर शोक जताया। यूपी में शनिवार को एक दिन का शोक रहेगा। कोई सरकारी या सांस्कृतिक समारोह नहीं होगा।