हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

05 July 2022

सौ दिनों के लिए जो कहा था,पूरा कर दिया:योगी


लखनऊ, । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उन्होंने जो कहा, सो किया। भारतीय जनता पार्टी के लोक कल्याण पत्र में शामिल 130 संकल्पों में से 97 पूरे कर दिए गए हैं और बाकी बचे 33 संकल्पों को सरकार जल्द पूरा करेगी। बीते सौ दिनों में कानून-व्यवस्था को और बेहतर कर निवेश के लिए माहौल बनाया गया है। नतीजतन, 80 हजार करोड़ का निवेश राज्य में हुआ है।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सरकार के सेवा, सुरक्षा और सुशासन के लिए समर्पित 100 दिन पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश कर रहे थे। लोकभवन में हुई प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में 37 वर्षों बाद प्रचंड बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाने के बाद सफलतापूर्वक सौ दिन के कार्यकाल का संचालन किया। हमने जो कहा, सो किया। यह प्रदेश में अलग-अलग सेक्टर के लिए बनाई गई कार्ययोजना का एक छोटा सा उदाहरण है। यह स्पष्ट कर देगी कि अगले पांच वर्ष में सरकार किस दिशा में आगे बढ़ रही है।

इस दौरान सरकार की उपलब्धियों को लेकर एक पुस्तक का विमोचन किया गया और वीडियो भी दिखाया गया। इस दौरान उन्होंने गरीब कल्याण, किसान कल्याण, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाएं, शिक्षा, निवेश, रोजगार और स्वरोजगार, विद्युत, ग्राम्य विकास, जल जीवन मिशन एवं ग्रामीण जलापूर्ति और वन एवं पर्यावरण सहित अन्य विभिन्न मुद्दों पर बेबाकी से बात रखीं। इस दौरान उन्होंने सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम की उपलब्धियों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि दूसरा कार्यकाल हमें जनता ने दिया है, इसमें हम एक नई उड़ान के साथ यात्रा आगे बढ़ा रहे हैं। 

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more