UpdateMarts•Com
Follow Channel

31 August 2022

शिक्षक ने मुर्गा बनाया तो तमंचा लेकर स्कूल पहुंचा छात्र, पुलिस जुटी पड़ताल में


 प्रयागराज: अब्दालपुर खास स्थित एक विद्यालय में शिक्षक ने अनुशासन के लिए छात्र को डांट फटकार लगाकर मुर्गा बनाया तो उसे सबक सिखाने के लिए वह तमंचा लेकर आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र को उसके एक साथी समेत हिरासत में ले लिया। साथ ही स्कूल प्रबंधन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।

धामापुर निवासी 15 वर्षीय किशोर अब्दालपुर खास स्थित विद्यालय में कक्षा 10 का छात्र है। आरोप है कि सोमवार को क्लास के दौरान एक शिक्षक ने उसे किसी बात को लेकर फटकार लगा दी थी। मुर्गा बनने को भी कह दिया। इसके बाद छात्र नाराज हो गया।






मंगलवार को वह बैग में तमंचा लेकर विद्यालय पहुंच गया। अन्य छात्रों ने देखा तो हड़कंप मच गया। जानकारी होने पर शिक्षक और प्रधानाचार्य ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने छात्र व उसके एक दोस्त को हिरासत में ले लिया।


छात्र ने पूछताछ में बताया कि उसने पसियापुर निवासी अपने दोस्त से तमंचा लिया था। वह इंटर का छात्र है। पुलिस ने जब दूसरे छात्र को पकड़ा तो उसने फाफामऊ के शांतिपुरम मोहल्ले से तमंचा खरीदने की बात बताई।



छात्र के मुताबिक उसका घर सुनसान स्थान पर है और चोरियों का खतरा रहता है। इसी कारण उसने तमंचा खरीदा था। मामले को लेकर विद्यालय के प्रशासनिक हेड नवनीत श्रीवास्तव ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी छात्र पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर सोरांव अशोक कुमार ने बताया कि दोनों छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तमंचा कहां से खरीदा गया, इसकी पड़ताल चल रही है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more