संगीता सिंह को मिलेगा राज्य शिक्षक पुरस्कार


आर्य कन्या कॉलेज में 15 शिक्षकों का होगा सम्मान

पांच सितंबर को जिला अपरोध निरोधक समिति की ओर से आर्य कन्या इंटर कॉलेज में 15 परिषदीय शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। शशांक शेखर त्रिपाठी, शशिकांत मिश्रा, विवेकानंद, अश्विनी कुमार वर्मा, जय सिंह, पूर्णिमा मिश्रा, जितेन्द्र राम, फिरोज आलम खान, लाल चंद्र वर्मा, शैलजा यादव, प्रतिभा सिंह, तनुजा यादव, माया गिरी, सुमन देवी और प्रियंका मिश्रा को पुरस्कृत किया जाएगा।

प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। उच्च प्राथमिक विद्यालय आदमपुर की सहायक अध्यापिका संगीता सिंह को राज्य अध्यापक पुरस्कार 2021 के लिए चुना गया है। उन्हें शिक्षक दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। उनके चयन से गंगापार सहित पूरे जिले में हर्ष की लहर है। इसके पूर्व भी उन्हें अनेकों अवसर पर सम्मानित किया जा चुका है। नवाचारों और खेल-खेल के माध्यम से बच्चों को पढ़ाना उनकी खूबी है। उनके पास गाइड कैप्टन का अतिरिक्त प्रभार है और बहरिया विकास खंड की पीटीआई शिक्षिका भी हैं। विद्यार्थियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, नमामी गंगे और स्वच्छता अभियान से जुड़ीं और सादा जीवन उच्च विचार को जीवन का आदर्श मानने वाली संगीता सिंह बच्चों और सहयोगियों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।


उनके पति डॉ. मनोज कुमार सिंह सेंट जोसेफ कॉलेज में हिंदी के प्रवक्ता हैं। अपने इकलौते बेटे मानस को खो चुकी संगीता और मनोज प्रतिवर्ष बेटे की स्मृति में मानस मेमोरियल अवार्ड एवं मानस मेमोरियल वाद विवाद प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ छात्र को पुरस्कृत करते रहे हैं। दोनों के जीवन का मकसद विद्यार्थियों के जीवन में खुशहाली लाना है। दीन दुखियों, गरीबों एवं अनाथालय में रह रहे बच्चों की सेवा करके उन्हें सुकून मिलता है। संगीता का मनोबल बढ़ाने में उनके भाई उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में संपत्ति अधिकारी डॉ. अनिल कुमार सिंह भदौरिया का बहुत बड़ा योगदान है। पुरस्कार के रूप में संगीता को 25 हजार नगद और दो साल का सेवा विस्तार मिलेगा।