पहाड़ बर्फ से लदे, ठंड बढ़ेगी: उत्तर भारत में शीतलहर का अलर्ट, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी की चेतावनी

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ बर्फ से लकदक हो गए हैं। इससे मैदानी इलाकों में चल रही बर्फीली हवा ने ठंड का प्रकोप फिर बढ़ा दिया है। मौसम विभाग ने 18 जनवरी तक के लिए पूरे उत्तर भारत में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री तक की गिरावट आने के आसार हैं।


बर्फ से लदे पहाड़ बीते दो दिनों कमोबेश लगातार हो रही बर्फबारी की बदौलत उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की चोटियां बर्फ से ढक गई हैं। बर्फबारी ने सभी प्रमुख पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर सैलानियों के चेहरे खिला दिए। हालांकि इससे जनजीवन पर खासा प्रभाव पड़ा।

इटावा सबसे ठंडा मौसम विभाग ने सोमवार से पश्चिमी यूपी में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। अगले तीन दिन प्रदेश के कई अंचलों में सुबह व रात में कहीं बहुत घना तो कहीं घना कोहरा छाया रहेगा। कुछेक स्थानों पर दिन में धूप नहीं निकलेगी। शुक्रवार की रात सबसे ठण्डा स्थान इटावा रहा जहां पारा 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तीन हिमस्खलन हुए बांदीपोरा जिले के गुरेज, गांदरबल और बांदीपोरा में तीन हिमस्खलन हुए। हालांकि जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

मैदानों में कोहरा उत्तराखंड में शनिवार तड़के से पर्वतीय इलाकों में हल्के से मध्यम हिमपात हुआ। उत्तरकाशी में सुक्की टॉप, हर्षिल, गंगोत्री धाम, फुलचट्टी में हल्का हिमपात हुआ। उत्तरकाशी में झाला से गंगोत्री तक हिमपात होने के कारण कई रास्ते बंद किए गए हैं।

मुन्नार में पारा शून्य के पास केरल के मुन्नार में तापमान शून्य के करीब पहुंच गया। चेंडुवारा और लेचमी एस्टेट में तापमान 1 डिग्री पहुंच गया है। राजस्थान में भी शीतलहर जारी है।


लखनऊ में चार दिन कंपकपाएंगी हवाएं

लखनऊ। दो दिन की राहत के बाद लखनऊ में रात से ही कड़ाके की ठंड शुरू हो गई। तेज बर्फीली हवाओं के चलते न्यूनतम पारे में तेजी से गिरावट आई। मौसम विभाग ने लखनऊ में कंपाने वाली शीतलहर और ठंड का अलर्ट जारी कर दिया है।