UpdateMarts•Com
Follow Channel

09 February 2023

बच्चे का सिर मुंडवाकर स्कूल में दी गई तालिबानी सजा, विद्यालय प्रबंधक ने दिया जवाब


अंबेडकरनगर

मिलिट्री कट बाल बनवाकर स्कूल पहुंचने पर बाल मुड़वा कर तालिबानी सजा दे दी गई। पिता ने पुलिस में शिकायत कर दी है जिसके बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी। प्रकरण सम्मनपुर थाना क्षेत्र के नबी हसन इंटर कॉलेज कुर्की बाजार से जुड़ा है। वहां बुधवार को पढ़ने गए कक्षा एक के छात्र शिवांश पुत्र रविंद्र के बाल विद्यालय प्रबंधक ने महज इसलिए मुड़वा दिया क्योंकि उसने मिलिट्री स्टाइल में बाल कटवा रखा था।


छात्र को नई स्टाइल में बाल रखा देख विद्यालय प्रबंधन ने स्कूल परिसर में ही उसका सिर मुड़वा डाला। छात्र दोपहर बाद घर पहुंचा तो उसे देख परिजन सन्न रह गए। छात्र ने रोते हुए परिजनों को पूरा घटनाक्रम बताया। पिता ने बुधवार देर शाम पुलिस को दी तहरीर में कहा कि बच्चे की हालत देखने के बाद फोन पर स्कूल प्रबंधक से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हमारे स्कूल में यह सब नहीं चलेगा।

पिता ने अब पुलिस से कहा है कि मिलिट्री स्टाइल में बाल कटवाना आखिर कौन सा कानूनन अपराध है। इस तरह के रवैये से बच्चे के दिमाग पर प्रतिकूल असर पड़ा है। ऐसे में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एसओ दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि गुरुवार को थाने के एक दरोगा व अन्य पुलिसकर्मियों को जांच के लिए विद्यालय भेजा गया है।

विद्यालय प्रबंधन का पक्ष जानने के बाद आगे कार्रवाई होगी। इस बीच सिर मुड़वा देने के सदमे के चलते संबंधित छात्र गुरुवार को विद्यालय नहीं गया। उधर विद्यालय प्रबंधक पीर मोहम्मद ने बताया कि सिर मुड़वाया नहीं गया है। बच्चे ने जितना छोटा बाल पीछे बनवा रखा था उतना ही बाल पूरे सिर पर करा दिया गया। मिलिट्री व राष्ट्रभक्ति को लेकर जो सवाल उठाए जा रहे हैं, वह एकदम अनुचित है सिर्फ अनुशासन के लिए ऐसा किया गया। मिलिट्री स्टाइल की बजाए उसने किसी और स्टाइल में बाल बनवा रखा था।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more