हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

02 March 2023

स्कूलों से नदारद सफाईकर्मी, शिक्षक लगा रहे झाड़ू



पिंडरा (वाराणसी), हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में सफाई इन दिनों रामभरोसे है। स्वच्छता पर शासन-प्रशासन के जोर के बावजूद विद्यालयो में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सफाईकर्मी ड्यूटी से नदारद हैं। कई स्कूलों में शिक्षक झाड़ू लगा रहे हैं।

विकास खण्ड में कुल 149 परिषदीय विद्यालय है। इनमें सफाई की जिम्मेदारी सफाईकर्मियों पर है। सफाई कर्मी कभी वीआईपी ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं तो कुछ किन्हीं साहब के बंगले तो कुछ ब्लॉक मुख्यालय पर तैनात हैं। इससे गांवों और विद्यालयों की सफाई नही हो पा रही है। ज्यादातर विद्यालयों के शिक्षक कार्रवाई से बचने के लिए स्वयं झाड़ू उठाने को विवश हैं। खण्ड शिक्षा अधिकारी देवीप्रसाद दूबे ने बताया कि विद्यालयों में सफाई के लिए बीडीओ को पत्र भेजा गया है। वहीं बीडीओ दीपकंर आर्य ने बताया कि सफाई कर्मियों को विद्यालयों में सफाई के सख्त निर्देश दिए गए हैं। जहां कई विद्यालय व सरकारी भवन हैं, वहां रोस्टर के अनुसार सफाई के लिए कहा गया है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more