UpdateMarts
Follow Channel

09 April 2023

बेसिक के बाद अब माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों को भी बनानी होगी शिक्षक डायरी , नियमित करना होगा परीक्षण


प्रधानाचार्यों को डायरी का नियमित करना होगा परीक्षण
लखीमपुर खीरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से माध्यमिक स्कूलों में शिक्षा का स्तर बेहतर करने के लिए निरंतर प्रयास जारी है। इसके तहत माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों को भी छात्रों की तरह डायरी बनानी होगी। जिसमें अपने शैक्षिक कार्य से लेकर शिक्षण योजना का उल्लेख करना होगा । इसका प्रधानाचार्य नियमित अवलोकन करेंगे।





जिले में 53 राजकीय, 45 सहायता प्राप्त और 192 वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय हैं। इनके लिए यूपी बोर्ड ने शैक्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। साथ ही शिक्षकों को डायरी बनाने के निर्देश दिए हैं। इसमें शिक्षक हर माह पाठ्यक्रम का कितना हिस्सा पढ़ाएंगे, रोजाना पढ़ाए जाने वाले पाठ, एसाइनमेंट आदि का उल्लेख करना होगा। डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि डायरी में शिक्षकों को रोजाना उन टॉपिकों का उल्लेख करना होगा, 'जिन्हें अगले दिन कक्षा में पढ़ाएंगे। इसके अलावा शिक्षकों को शैक्षिक एवं अन्य संबंधित कार्य सहित शैक्षणिक योजना डायरी में लिखनी होगी। साथ ही इस डायरी को नियमित प्रधानाचार्य से परीक्षण कराना होगा। इसका उद्देश्य परिषद की ओर से जारी शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार छात्रों को पठन पाठन कराना है। जिससे समय रहते कोर्स पूरा हो सके और उसके बाद कोर्स का रिवीजन कराकर परीक्षा की बेहतर तैयारी कराई जा सके।