UpdateMarts•Com
Follow Channel

07 May 2023

निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक को किया निलंबित


बदायूं, शासन और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से लगातार निर्देशित करने के बाद भी परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक- शिक्षिकाओं की कार्यशैली में सुधार नहीं हो पा रहा है। अधिकारियों के निरीक्षण में अनियमितताएं सामने आती हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाती भारती के निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर विकास क्षेत्र उझानी के प्राथमिक विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया है। साथ ही भविष्य के लिए चेतावनी निर्गत की है।






बीएसए ने 27 अप्रैल को विकास क्षेत्र उझानी के प्राथमिक विद्यालय नटनगला का निरीक्षण किया था। विद्यालय में पंजीकृत 107 के सापेक्ष 52 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले थे। बच्चों की उपस्थिति कम मिलने पर बीएसए ने नाराजगी व्यक्त की थी। विद्यालय के स्टाफ को उपस्थिति बढ़ाने का निर्देश दिया। शिक्षामित्र प्रभा आकस्मिक अवकाश पर मिली थीं। इंचार्ज प्रधानाध्यापक इंदु वर्मा भी उपस्थित नहीं थीं। इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने उपस्थिति पंजिका में संदर्भ संख्या 1690126 लिखी थी लेकिन बीएसए ने जांच कराई तो इस संदर्भ संख्या पर किया गया बाल्य देखभाल अवकाश अस्वीकृत मिला।



इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने अवकाश स्वीकृत न होने के बाद भी स्वेच्छाचारिता अपनाते हुए उच्चाधिकारियों के आदेशों का उल्लंघन करके अस्वीकृत बाल्य देखभाल अवकाश का उपभोग कर रही हैं। बीएसए ने इसे वित्तीय अनियमितता माना है। इंचार्ज प्रधानाध्यापक के अनाधिकृत रूप से अवकाश पर होने की वजह से कंपोजिट ग्रांट संबंधी पंजिका और बिल बाउचर का अवलोकन नहीं हो सका। इसके चलते बीएसए ने ने प्राथमिक विद्यालय नटनगला की इंचार्ज प्रधानाध्यापक इंदु वर्मा को निलंबित कर दिया है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more