UpdateMarts•Com
Follow Channel

29 June 2023

अग्निवीर : लिखित परीक्षा पास नहीं कर सके 70% अभ्यर्थी


बरेली। अग्निवीर भर्ती के बदले नियम से शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल) में अब आपाधापी की स्थित खत्म हो गई है। भर्ती के लिए हुई लिखित परीक्षा का परिणाम इसकी पुष्टि कर रहा है। 32 हजार अभ्यर्थियों में 10 हजार ही सफल हो सके। 70 फीसदी अभ्यर्थी फिजिकल की रेस से बाहर हो गए। पहले फिजिकल के बाद लिखित परीक्षा होती थी। बदले नियमों का सीधा लाभ अभ्यर्थियों को मिल रहा है।

लिखित परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद बरेली सेना भर्ती कार्यालय की ओर से फिजिकल की तैयारी शुरू कर दी गई है। निदेशक कर्नल अमित परब के मुताबिक अब अभ्यर्थियों की संख्या कम होने से कम समय में फिजिकल संपन्न होगा। भर्ती स्थल पर भागदौड़ की स्थिति नहीं रहेगी। प्रत्येक अभ्यर्थी की गतिविधि की निगरानी भी हो सकेगी। इस दौरान अभ्यर्थियों के चोटिल होने की आशंका भी कम रहेगी।


20 से पांच अगस्त तक शारीरिक दक्षता परीक्षा

कर्नल अमित परब के मुताबिक सफल 10 हजार अभ्यर्थियों का फिजिकल 20 जुलाई से पांच अगस्त तक फतेहगंज के राजपूत केंद्र में होगा। बरेली एआरओ के तहत शामिल बहराइच, बलरामपुर, बरेली बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, संभल, शाहजहांपुर, श्रावस्ती, सीतापुर जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी के एडमिट कार्ड ई-मेल से जारी कर दिए गए हैं।


हर दिन करीब 1,200 अभ्यर्थी होंगे शामिल

शारीरिक दक्षता परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम एक दो दिन में जारी होने की उम्मीद है। एआरओ निदेशक के अनुसार फिजिकल परीक्षा में हर दिन 1,200 अभ्यर्थी दौड़ लगाएंगे। सफल होने पर लांग, हाई जंप आदि दक्षता परीक्षा होगी। बताया कि 20 से 27 जुलाई तक अग्निवीर जनरल ड्यूटी, 28 जुलाई को अग्निवीर क्लर्क, टेक्निकल, 29 जुलाई को ट्रेडमैन के अभ्यर्थी शामिल होंगे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more