UpdateMarts•Com
Follow Channel

29 June 2023

पुरानी पेंशन के लिए मानसून सत्र में संसद घेरेंगे शिक्षक-कर्मचारी


लखनऊ। पुरानी पेंशन बहाली के लिए शिक्षक कर्मचारी मानसून सत्र में संसद का घेराव करेंगे। यह निर्णय उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी की बुधवार को हुई बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का हक है। हम संघर्षो के दम पर इसे लेकर रहेंगे।

संसद के मानसून सत्र के दौरान दिल्ली के रामलीला मैदान में धरना, प्रदर्शन व संसद कूच की जाएगी। इसमें प्रदेश के लाखों शिक्षक कर्मचारी प्रतिभाग करेंगे। तदर्थ शिक्षकों को विनियमित कराने व बकाया वेतन भुगतान का भी प्रयास किया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 5 से 20 जुलाई के बीच सभी डीआईओएस कार्यालय के सामने सात सूत्रीय मुद्दों पर धरना दिया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों में अगस्त से अक्टूबर के बीच जिला सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।


स्थानांतरण नीति के विरोध में 30 को हड़ताल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग मिनिस्टिरियल एसोसिएशन कर्मियों ने स्थानांतरण नीति के विरोध में बुधवार को सभी मंडलों में क्षेत्रीय मुख्य अभियंताओं के यहां धरना-प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया। साथ ही इस पर रोक न लगने पर 30 जून को प्रदेश व्यापी हड़ताल की चेतावनी भी दी है। प्रांतीय अध्यक्ष पद्यमनाभ त्रिवेदी ने बताया की शासनादेश के अनुपालन में मुख्य अभियंताओं ने मनमाने तरीके से स्थानांतरण किए हैं। इस पर संगठन की आपत्ति के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रांतीय महामंत्री जेपी पांडेय ने बताया कि स्थानांतरण नीति कानपुर के अधीक्षण अभियंता की ओर से संघ विरोधी कार्यवाही की जा रही है।




आउटसोर्सिग कर्मियों को एक माह का सेवा विस्तार

लखनऊ। प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यरत आउटसोर्सिंग स्वास्थ्यकर्मियों को एक माह का सेवाविस्तार दे दिया गया है। वे 31 जुलाई तक कार्य करते रहेंगे। इस संबंध में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन निदेशक ने सभी जिलाधिकारियों एवं मुख्य चिकित्साधिकारियों को आदेश जारी कर दिया है। ऐसे में अब चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में कोविड-19 के तहत कार्य करने वाले सभी कर्मी पहले की तरह कार्य करते रहेंगे। 

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more