महिला शिक्षामित्र ने लगाया भेदभाव का आरोप

 



 देवरिया। तरकुलवा विकास खंड क्षेत्र के भरौटा गांव के ओझवलिया टोले पर स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र प्रभा देवी ने प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों पर भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए इसकी निंदा की है। उन्होंने इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र दिया है।


शिकायती पत्र में कहा गया है कि विद्यालय में दो महिला शिक्षामित्र प्रभा देवी व प्रतिभा यादव तैनात हैं। आरोप है कि 15 वर्ष पूर्व शिक्षामित्र प्रभा देवी के पति की किडनी खराब हो गई। आर्थिक स्थिति ठीक नही होने से वह अपने पति का ठीक ढंग से इलाज नहीं करा सकीं, जिससे उनके पति की 2 जून 2022 को मृत्यु हो गई। उस समय संघ के कुछ लोग मेरे घर आए और आर्थिक मदद का आश्वासन दिए। लेकिन दो दिन बाद ही संघ के तत्कालीन अध्यक्ष ने कहा कि मृतक शिक्षामित्र नहीं थे, ऐसे में उनके परिवार को कोई आर्थिक सहायता नहीं दिया जाएगा।







केवल शिक्षामित्र के निधन पर ही विभागीय लोगों से चंदा इकट्ठा कर परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। शिकायतकर्ता शिक्षामित्र प्रभा देवी ने आरोप लगाया है कि उसी विद्यालय पर तैनात शिक्षामित्र प्रतिभा यादव के पति सेना में थे, कुछ दिन पूर्व उनकी सड़क हादसे में मृत्यु हुई है। तब वही अध्यक्ष और संगठन के पदाधिकारी विभागीय कर्मचारियों से चंदा वसूल कर आर्थिक सहायता दे रहे हैं।


गांव में वोट बैंक की राजनीति से संघ के पदाधिकारी दो तरह का व्यवहार कर रहे हैं। जो न्यायोचित नहीं है। प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अमरेंद्र यादव ने बताया कि पहले कार्यरत कर्मचारियों के निधन पर भी चंदा लगाकर आर्थिक सहायता दिया जाता था। पिछले दो महीने से ही कर्मचारी और उनके परिजनों के निधन पर भी सहयोग दिया जा रहा है।