UpdateMarts•Com
Follow Channel

13 June 2024

फर्जी अभिलेख पर नौकरी हासिल करने वाले दो प्रधानाध्यापक निलंबित

 बस्ती। परिषदीय विद्यालय में फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी हासिल करने के आरोपी दो प्रधानाध्यापकों को बीएसए ने निलंबित कर दिया। हर्रैया ब्लॉक के मुकुंदपुर प्राथमिक विद्यालय में रामजी सिंह प्रधानाध्यापक को निलंबित कर बीईओ कार्यालय हर्रैया से संबद्ध किया है, जबकि कुदरहा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय टेंगरिहा राजा के प्रधानाध्यापक अवधेश को निलंबित कर बीआरसी कुदरहा से संबद्ध किया गया है।

बीएसए अनूप कुमार ने बताया कि प्रधानाध्यापक रामजी सिंह के स्तर से प्रस्तुत निवास प्रमाणपत्र और सेवा पुस्तिका में पता ग्राम लोहरा परगना अहरौरा तहसील राबर्ट्सगंज जिला सोनभद्र अंकित मिला। इन दोनों कागजात का सत्यापन कराने के लिए एसपी सोनभद्र को पत्र भेजा गया। एसपी सोनभद्र स्तर से भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया कि कागजात में दर्शाए गए पते पर गोलमाल किया गया है। यहां मिले रामजी सिंह ने बताया कि उसने केवल इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की है।





एक प्राइवेट कंपनी में कार्य करता है। साथ ही यह भी बताया कि उसके अलावा गांव में कोई अन्य व्यक्ति रामजी सिंह नाम का नहीं है। इसी तरह एसटीएफ स्तर से सात जून 2024 को कुदरहा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय टेंगरिहा राजा के प्रधानाध्यापक अवधेश के अभिलेख व आजमगढ़ जिले के अतरौलिया ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय महगूपुर धाहर के प्रधानाध्यापक अवधेश के शैक्षिक अभिलेखों में नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, कक्षा, अनुक्रमांक आदि एक समान पाए जाने की रिपोर्ट बीएसए को दी गई। गांधी ग्रामोद्योग उच्च माध्यमिक विद्यालय पिंडरिया आंबेडकरनगर से प्राप्त हाईस्कूल की सत्यापन आख्या के साथ छात्र स्थानांतरण प्रमाणपत्र में भी लगा था।

इसमें अंकित पते की जांच में यह सामने आया कि बस्ती में कार्यरत प्रधानाध्यापक ने आजमगढ़ में कार्यरत प्रधानाध्यापक अवधेश के अभिलेखों के आधार पर अवैध रूप से शिक्षक की नौकरी हासिल की है। ऐसे में दोनों को निलंबित कर दिया गया है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more