हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

27 July 2024

बेसिक स्कूलों में औचक निरीक्षण की सूचना लीक की तो होगी कार्रवाई

 

रामपुर। परिषदीय स्कूलों में छापे की सूचना लीक करने वाले अफसरों व शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही यदि कोई शिक्षक निरीक्षण करने वाले अफसरों के साथ अभद्र व्यवहार करेगा तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।



डीएम जोगिंदर सिंह ने जिला शिक्षा व अनुश्रवण समिति की बैठक में दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने सभी बीडीओ, एडीओ पंचायत एवं समस्त पंचायत सचिव को निर्देश दिए। परिषदीय स्कूलों में पाठ्य पुस्तकों की आपूर्ति की जांच उपरांत आख्या प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। जिला एवं ब्लाक टास्क फोर्स के सदस्यों को निर्देशित किया कि दिये गये लक्ष्य के अनुसार जनपद के विद्यालयों के शत-प्रतिशत निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करें।



 उन्होंने मार्च 2025 तक जनपद के शत-प्रतिशत विद्यालयों को कार्ययोजना बनाकर निपुण लक्ष्यों को प्राप्त करने के निर्देश दिये। नवीन नामांकन के लिए आवंटित लक्ष्यों के अनुसार 31 जुलाई तक शत-प्रतिशत नामांकन जनपद के विद्यालयों में कराना सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि किसी विद्यालय में यदि निरीक्षणकर्ता के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है तो कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। औचक निरीक्षण की सूचना किसी भी स्तर से लीक की जाती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। 



कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय चमरौआ, स्वार एवं शाहबाद में डेस्क-बैंच, सोलर पैनल, हाई मास्क लाइट की व्यवस्था क्रिटिकल गैप से कराने के लिए जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी को निर्देशित किया गया। विद्यालय प्रबंधन मध्यान्ह भोजन ग्रहण करने वाले छात्रों की संख्या उपस्थित पोर्टल पर शत-प्रतिशत दर्ज करना सुनिश्चित करें साथ ही अनुपस्थित चल रहे छात्र-छात्राओं के नाम हटाने हेतु भी निर्देशित किया।



 उन्होंने ईओ से कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में जल भराव की स्थिति समाप्त करने के लिए सड़क के स्तर से मिट्टी का भराव एवं परिसर में सोकपिट का निर्माण कराएं। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मिलक में मरम्मत का कार्य क्रिटिकल गैप से कराने हेतु भी अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी को निर्देश किया। इस मौके पर सीडीओ नंद किशोर कलाल, सीएमओ डा. एसपी सिंह, बीएसए राघवेंद्र सिंह, प्राचार्य डायट समेत अन्य मौजूद रहे।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more