हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

27 July 2024

परिषदीय विद्यालय में शिक्षक ने मासूम को किया लहूलुहान



कानपुर देहात। मंगलपुर थाने के अचरौली गांव के परिषदीय विद्यालय में शुक्रवार को कक्षा पांच के एक छात्र को संबद्ध निलंबित शिक्षक ने बुरी तरह पीटा। लहूलुहान छात्र कक्षा में ही गिर गया, उसका सिर तक फट गया। पुलिस ने केस दर्ज कर शिक्षक को हिरासत में ले लिया है।

अचरौली निवासी पंछी कुशवाहा का 10 साल का बेटा अभिषेक कक्षा-5 का छात्र है। शुक्रवार को विद्यालय में तैनात शिक्षक अवधेश कुमार गुप्ता ने किसी बात को लेकर कक्षा में ही बच्चे की जमकर पिटाई कर दी। बच्चे को इतना पीटा गया कि वह वहीं पर गिर गया और उसका सिर फट गया। क्लासरूम में बच्चे के सिर से खून निकलता देख स्कूल में हड़कंप मच गया और दूसरे छात्र भी चिल्लाने लगे। 



इस पर बच्चे के परिजन गांव के लोगों के साथ स्कूल पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। पिता पंछी ने पुलिस को शिक्षक अवधेश कुमार गुप्ता के खिलाफ बच्चे की पिटाई की तहरीर दी। गांव वालों ने शिक्षक के नशे में होने का आरोप लगाया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छात्र का मेडिकल कराया। आरोपी शिक्षक की भी जांच करवाई गई। मंगलपुर इंस्पेक्टर संजय गुप्ता ने बताया कि हवासपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. मनीष कुमार का कहना है कि अल्कोहल की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि समय ज्यादा हो जाने पर अल्कोहल की पुष्टि नहीं हो पाती है। बीईओ अशोक सिंह ने बताया कि अवधेश की पल्हनापुर के स्कूल में तैनाती थी, नशे में शिक्षकों से अभद्र व्यवहार की शिकायतों पर उसे निलंबित कर यहां संबद्ध किया गया था। इस मामले की भी रिपोर्ट वह बीएसए को भेज रहे हैं।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more