हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

08 September 2024

परिषदीय स्कूल में 107 की उपस्थिति, मिडडे मील में 148 बच्चे दर्ज मिले

 

श्रावस्ती। संवाददाता डीएम के लगातार परिषदीय स्कूलों के निरीक्षण में खामियां निकलकर सामने आ रही है। डीएम के निरीक्षण में 107 बच्चे उपस्थित मिले लेकिन मिडडे मिल में 148 बच्चे दर्ज मिले। साथ ही विद्यालय में अन्य कई खामियां पाई गई।



जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने शनिवार को विकास क्षेत्र हरिहरपुररानी के भिनगा स्थित जूनियर हाईस्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुल 228 नामांकित बच्चों के सापेक्ष केवल 107 बच्चे उपस्थित मिले। वहीं मिड-डे-मील में 148 बच्चों की उपस्थिति दिखाई गई थी। डीएम के पूछे जाने पर बताया गया कि 10 दिव्यांग बच्चे अक्षम है व 16 बच्चे विभूतिनाथ मंदिर दर्शन के लिए गए थे। जिन्हें बुखार आ गया है। 



डीएम ने प्रधानाध्यापक से कारण पूछा तो सन्तोषजनक उत्तर नहीं दे सके। इस पर उन्होंने कड़ी फटकार लगायी तथा उपस्थिति के सापेक्ष ही बच्चों को मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया। विद्यालय में लगा आरओ खराब पाया गया। डीएम ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि अधिकतर विद्यालयों के निरीक्षण में आरओ खराब पाए जा रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में आरओ खराब है उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए। प्रधानाध्यापक के कक्ष में बच्चों का खाद्यान्न पाया गया, जिसे डूडा कार्यालय में स्थानान्तरित करने का निर्देश दिया। विद्यालय में तैनात अनुसेवक की 14 दिन की अनुपस्थिति मिली। डीएम ने अनुसेवक की सेवाएं समाप्त करने या बर्खास्त करने की कार्रवाई का निर्देश बीएसए को दिया। इस मौके पर एसडीएम भिनगा पीयूष कुमार जायसवाल, बीएसए अजय कुमार गुप्ता, ईओ भिनगा डा अनीता शुक्ला आदि मौजूद रहे।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more