हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

08 September 2024

समय से पहले स्कूल पर लगा दिया ताला बीएसए ने प्रधानाध्यापक किया निलंबित


मुरादाबाद,  भगतपुर टांडा स्थित प्राथमिक विद्यालय वीरपुर फत्तेहउल्लापुर में समय से पहले विद्यालय बंद करने की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई की गई है। सीडीओ के आदेश पर बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारी भगतपुर टांडा से विद्यालय की जांच कराई तो मामला सही मिला। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। इसके अलावा दो सहायक अध्यापकों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ ही दो शिक्षामित्रों का अग्रिम आदेश तक वेतन रोक दिया है।


भगतपुर टांडा के ग्राम पंचायत वीरपुर फत्तेहउल्लापुर में संचालित प्राइमरी स्कूल को पूर्व में शिकायतें की गई थी। ग्रामवासियों ने शिकायती पत्र देकर कहा था कि विद्यालय समय से न खुलता है और न बंद होता है। इस पर सीडीओ ने बीएसए को जांच कराने को कहा। बीएसए विमलेश कुमार ने खंड शिक्षाधिकारी भगतपुर टांडा को जांच सौंपी। बीईओ शुक्रवार दोपहर 1.10 बजे विद्यालय पहुंचे तो विद्यालय के गेट पर ताला लटका मिला। बीईओ की जांच आख्या पर बीएसए विमलेश कुमार ने ग्रामीणों के आरोपों में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर प्रधानाध्यापक आदाब आजमी को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में आदाब आजमी प्राथमिक विद्यालय नेकपुर से संबद्ध रहेंगी। साथ ही बिना सूचना विद्यालय बंद रखने, शिक्षण कार्य बाधित रखने, विद्यालय से अनुपस्थित पाए जाने के मामले में इसी विद्यालय के सहायक अध्यापक सुमित यादव, सहायक अध्यापक राजवीर सिंह को वर्ष 2024-25 के लिए प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। वहीं विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र अंतु व कविता का मानदेय अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया है।


खंड शिक्षाधिकारी ग्रामीण जांच कर 15 दिन में देंगे रिपोर्ट
वीरपुर फत्तेहउल्लापुर की प्रधानाध्यापक आदाब आजमी को बीएसए ने निलंबित कर दिया। मामले में बीएसए विमलेश ने खंड शिक्षाधिकारी मुरादाबाद ग्रामीण शिवम गुप्ता को जांच सौंपी है। प्रकरण में जांच कर 15 दिन में सुस्पष्ट आख्या के साथ रिपोर्ट दें।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more