UpdateMarts•Com
Follow Channel

23 October 2024

प्रधानाचार्य को डंडों से पीटा, गंभीर


अमरोहा। स्कूल के हॉस्टल से मंदिर जा रहे निजी स्कूल के प्रधानाचार्य को निष्कासित दो छात्रों ने साथियों के साथ मिलकर बुरी तरह पीटा। लाठी-डंडे और रॉड मारकर सिर फोड़ दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। लहूलुहान प्रधानाचार्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी छात्रों की तलाश में जुट गई है।




बिजनौर जिले के शिवाला कलां थाना क्षेत्र के मलेशिया गांव निवासी सचिन चौधरी अमरोहा के नौगांवा सादात रोड स्थित जियोन इंटरनेशनल स्कूल में प्रधानाचार्य हैं। सोमवार शाम करीब छह बजे सचिन चौधरी बाइक से हॉस्टल से गजस्थल स्थित मंदिर जा रहे थे। वह मखदूमपुर से निकलकर नसीर नंगला रोड पर पहुंचे, तो पहले से तीन बाइकों पर सवार करीब सात युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने लाठी-डंडे और रॉड से पीटना शुरू कर दिया। जिससे सचिन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी की जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। राहगीरों ने सचिन को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि कॉलेज से निष्कासित चल रहे कक्षा 12 के दो छात्रों ने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है। छानबीन में ये भी स्पष्ट हो गया कि आरोपी छात्रों को हॉस्टल के ही एक छात्र ने प्रधानाचार्य के हॉस्टल से बाहर निकलने की जानकारी दी थी। इस मामले में प्रधानाचार्य सचिन चौधरी ने आरोपी छात्र और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।


मामले में दो नामजद छात्र और उनके कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - अभिषेक कुमार, सीओ

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more