हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

10 January 2025

गुजरात में बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल पर लगेगी पाबंदी, सोशल मीडिया यूज पर भी बढ़ेगी सख्ती

 गुजरात में बच्चों के लिए मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को रोकने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। गुजरात सरकार ने गुरुवार को कहा कि वह बच्चों के लिए मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को प्रतिबंधित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी करेगी। सरकार का मानना है कि स्क्रीन पर बहुत अधिक समय बिताना बच्चों के लिए अच्छा नहीं है।




इसलिए की जा रही पहल

गुजरात के शिक्षा मंत्री प्रफुल पंसेरिया ने संवाददाताओं को बताया कि इसका मकसद बच्चों को डिवाइस से दूर रखना और उन्हें खेल के मैदानों और स्टडी टेबल की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों से सलाह-मशविरा करने के बाद इस बारे में दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।


सख्ती से कराया जाएगा पालन

गुजरात के शिक्षा मंत्री प्रफुल पंसेरिया ने यह भी कहा कि हमने पहले प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के लिए मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगाने का सरकारी प्रस्ताव जारी किया था। अब से उसका सख्ती से पालन कराया जाएगा।



किया जाएगा जागरूक

शिक्षा मंत्री प्रफुल पंसेरिया ने कहा कि गाइडलाइंस के बारे में शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। इस पहल को एक अभियान के रूप में बढ़ावा दिया जाएगा। गौरतलब है कि हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है।


केंद्र सरकार भी बना रही योजना

यही नहीं केंद्र सरकार भी इस दिशा में काम कर ही है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र सरकार 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए मोबाइल फोन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के बजाय डेटा इस्तेमाल के लिए पैरेंटल कंट्रोल को शामिल करने की योजना बना रही है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more