UpdateMarts•Com
Follow Channel

06 March 2025

कॉलेज की जमीन हड़पने के लिए करा डाले फर्जी चुनाव, डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने जांच के बाद एसएसपी को दिया पत्र, रिपोर्ट दर्ज

 बरेली। केडीईएम विद्यालय की बेशकीमती जमीन हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेजों से कॉलेज प्रबंध समिति के दो फर्जी चुनाव करा दिए गए। मामले का खुलासा होने पर डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने एसएसपी को पत्र देकर हकीकत बताई। एसएसपी के आदेश पर प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।



केडीईएम इंटर कॉलेज की प्रबंध कमेटी 2021 से कार्यरत है। समिति का नवीनतम चुनाव पीठासीन अधिकारी डॉ. लोकेश चंद्र और प्रधानाध्यापक राजकीय हाईस्कूल शिवपुरी फरीदपुर की निगरानी में 28 दिसंबर 2024 को कॉलेज परिसर में कराया गया था। डीआईओएस की ओर से भी चुनाव को विभागीय मान्यता दी गई थी।


प्रबंध समिति के संज्ञान में आया कि समिति के दो अलग चुनाव डीआईओएस कार्यालय में प्रस्तुत किए गए। यह चुनाव फर्जी दस्तावेज के जरिए राममोहन शर्मा और अरविंद अग्रवाल ने कराए थे

राममोहन शर्मा और अरविंद अग्रवाल के खिलाफ 2021 में प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।


तत्कालीन प्रबंधक अभय चंद्र कनकन वर्तमान में विद्यालय समिति के अध्यक्ष हैं। उन्होंने दोनों पर विद्यालय की जमीन हड़पने और 20 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। प्रेमनगर पुलिस ने उस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी।


आरोप है कि अब राममोहन और अरविंद अग्रवाल ने विभाग को गुमराह करने के लिए फर्जी चुनाव करा डाले। मामला केडीईएम इंटर कॉलेज की बेशकीमती जमीन से जुड़ा है। कॉलेज को दान में जमीन मिली थी जिसे हड़पने का प्रयास किया जा रहा है।


पहले भी 19 लोगों पर मामला दर्ज कराया गया था। प्रेमनगर पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more