UpdateMarts•Com
Follow Channel

06 March 2025

पहली बार प्रेरणा पोर्टल पर आनलाइन दिखेगा परिषदीय स्कूलों का परीक्षाफल

 शाहजहांपुर जिले के 2720 परिषदीय स्कूलों में 24 मार्च से परीक्षा शुरू होगी। परीक्षाफल का वितरण अप्रैल के पहले सप्ताह में होगा। अबकी पहली बार परिषदीय स्कूलों के बच्चों का परीक्षाफल ऑनलाइन प्रेरणा पोर्टल पर भी देखा जा सकेगा। प्राइमरी व अपर प्राइमरी के वार्षिक परीक्षा का रिपोर्ट कार्ड 29 मार्च को नहीं अब अप्रैल के पहले सप्ताह में मिलेगा।




 शिक्षकों के भारी विरोध के बाद बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने शनिवार को इस बारे में संशोधित निर्देश सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भेजा है। दरअसल, शिक्षकों ने पांच दिनों के वार्षिक परीक्षा की समाप्ति के ठीक अगले दिन परीक्षाफल तैयार कर छात्र-छात्राओं को 29 मार्च को वितरित किए जाने की घोषणा को पूरी तरह से अव्यवहारिक बताते हुए कड़ा विरोध किया था।



 प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन मार्कशीट पर नंबर भरना, फिर प्रिंट आउट निकाल कर बच्चों को दिया जाना, यह कार्य परीक्षा अवधि में किया जाना संभव नहीं था। परीक्षा अवधि और परिणाम के मध्य कॉपी चेक कर रिजल्ट फीड करने के लिए कम से कम 3 दिन का विराम अति आवश्यक है। परीक्षा अवधि में ब्लॉक स्तर पर कॉपी चेक किया जाना वैसे भी संभव नहीं है। 



बेसिक शिक्षा निदेशक ने शुक्रवार को प्राइमरी एवं अपर प्राइमरी की वार्षिक परीक्षा की समय सारणी जारी कर दी है जो 24 मार्च को शुरू होकर 28 मार्च को समाप्त हो जाएगी। मूल्यांकन का कार्य परीक्षा के साथ-साथ ही किए जाने तथा मूल्याकन के बाद 29 मार्च को परीक्षाफल घाषित करते हुए रिपोर्ट कार्ड भी दिए जाने के निर्देश दिए गए थे। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि बच्चों की परीक्षा कराकर तय समय में रिपोर्ट कार्ड जारी करना शिक्षकों का दायित्व है। उच्चाधिकारियों ने इस संबंध में आदेश जारी किया है, उसी के अनुसार परीक्षाफल का वितरण कराया जाएगा।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more