UpdateMarts•Com
Follow Channel

06 March 2025

यूपी के इस जिले के परिषदीय स्‍कूलों में बनेगी मल्‍टी स्‍टोरी बिल्डिंग, प्राइवेट से अच्‍छी होगी पढ़ाई: इन स्कूलों का हुआ चयन

 : यूपी के कुशीनगर जिले में बेसिक शिक्षा परिषद से संचालित परिषदीय स्कूलों से जुड़े शिक्षकों, बच्चों और अभिभावकों के लिए यह अच्छी खबर है। सरकार, प्राइमरी स्कूलों को कॉन्वेंट स्कूलों से बेहतर बनाने और वहां पढ़ने-पढ़ाने की अच्‍छी व्‍यवस्‍था करने की दिशा में लगातार प्रभावशाली कदम उठा रही है। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत स्कूलों में मरम्‍मत और सुंदरीकरण का काम किया गया है। वहीं पीएम श्री योजना और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत स्कूलों को विकसित कर माडर्न बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। जिले में दो चरणों में मिलाकर कुल 31 परिषदीय स्कूलों को पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय के रूप में चयन हुआ है। इन स्कूलों में आठ उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 1.01 करोड़ की लागत से मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनेगी।

ये भी पढ़ें - आज पदोन्नति में tet मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में है...

ये भी पढ़ें - वेतन समिति 2008 द्वारा राजकीय विभाग के अधीनस्थ लेखा संवर्ग के संबध में की गयी संस्तुतियों पर लिये गये निर्णय के कार्यान्वयन के संबंध में।



इसके अलावा भी इन स्कूलों में बाल वाटिका के निर्माण पूरा हो चुका है, जिससे कि इन स्कूलों में प्री-प्राइमरी की कक्षाएं आसानी से चल सके। बेसिक शिक्षा परिषद से जिले में 2464 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इन स्कूलों में पौने तीन लाख बच्चों का नामांकन है। प्रथम चरण में पीएम श्री योजना के तहत जिले में प्रत्येक ब्लॉक से एक-एक व सेवरही ब्लॉक में दो को मिलाकर कुल 15 तथा दूसरे चरण में मिला कर कुल 31 परिषदीय स्कूलों का चयन पीएम श्री विद्यालय के रूप में हुआ है। इनमें 24 उच्च प्राथमिक विद्यालय व सात प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। पीएम श्री योजना के तहत चयनित स्कूलों को माडर्न बनाने के लिए सरकार प्रत्येक स्कूल के इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास समेत माडर्न बनाने पर दो-दो करोड़ रूपये खर्च करेगी। इस दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है।


इन स्कूलों में बालवाटिका का निर्माण कर सभी पीएम श्री स्कूलों में प्री-प्राइमरी का संचालन शुरू करना है। इन पीएम श्री विद्यालयों में आठ उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मल्टीस्टोरी बनाने के लिए बजट जारी हुआ है। प्रत्येक स्कूल को 16 लाख 97 हजार 200 रूपये को मिलाकर कुल 1 करोड़, 1 लाख 83 हजार 200 रूपये जारी होना है। इनमें से 60 फीसदी रकम यानि 61 लाख 9 हजार 920 रूपये कार्यदायी संस्था विद्यालय प्रबंध समिति के खाता में जारी हो चुका है। इन स्कूल परिसर में बनने वाले दो मंजिला एसीआर में एडिशनल क्लास रूम, हॉल व सीढी समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं से युक्त बिल्डिंग का निर्माण होगा। ऐसा जिले में पहली बार होने से महानगरों व कांवेंट स्कूलों की तरह गरीब बच्चों को मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में पढने का सपना साकार हो सकेगा। इससे जमीन की भी बचत होगी।



इन स्कूलों का हुआ चयन

जिला समन्वयक निर्माण गौरव पांडेय ने बताया कि जिले के 31 पीएम श्री विद्यालयों में से आठ उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मल्टीस्टोरी भवन बनेगा। इनमें रामकोला ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय खोटही के भटवलिया बनकट व अमडरिया, खड्डा ब्लॉक के मिश्रौली व नौतार जंगल, फाजिलनगर ब्लॉक के कौलेसवा बुजुर्ग, दुदही ब्लॉक का विशुनपुरा बैरियापट्टी, तमकुही ब्लॉक का बसडीला पांडेय, विशुनपुरा ब्लॉक का कंठीछपरा आदि विद्यालय शामिल है। इनमें स्कूलों में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास होगा। इस संबंध में बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्य ने कहा कि जिले के आठ पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मल्टी स्टोरी बिल्डिंग का निर्माण होगा। जिले के परिषदीय स्कूलों में यह पहले ऐसे विद्यालय होंगे, जहां पर दो मंजिला विद्यालय का भवन होगा। इससे गरीब बच्चों का मनोबल बढने के साथ निर्माण में जगह की बचत होगी।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more