30 June 2025

यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार कई जिलों में झमाझम बारिश

 यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार कई जिलों में झमाझम बारिश




लखनऊ,। इस बार समय से थोड़ा पहले आया मानसून अब यूपी पर मेहरबान हो चुका है। इसके चलते शनिवार शाम से बने माहौल से रविवार दोपहर तक लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिले झमाझम बारिश से तरबतर हो गए। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पूरे देश में मानसून के छाने की तारीख आठ जुलाई है, लेकिन देशभर में इसकी शुरुआत हो चुकी है।


यूपी में बलरामपुर में सर्वाधिक 89 मिली बारिश दर्ज की गई। झांसी में नदियां उफना गई हैं। पहाड़ी इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश के चलते मेरठ में गंगा खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान 13 जिलों में बहुत भारी वर्षा का ऑरेन्ज अलर्ट व 26 जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।


अमौसी स्थित प्रदेश के मौसम मुख्यालय के मुताबिक मानसून की ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर खिसक गई है। यह पंजाब के फिरोजपुर से सोनीपत, अयोध्या, गया व पुरलिया होते हुए जा रही है। साथ ही बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब से इसको मजबूती मिल रही है। ऐसे में मानसून की सक्रियता से प्रदेश भर में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ 24 से 48 घंटों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more