UpdateMarts•Com
Follow Channel

11 January 2026

शिक्षकों की पदोन्नति पर उठे सवाल, शिक्षक संघ ने अपर मुख्य सचिव को लिखा पत्र


लखनऊ। प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत सहायक अध्यापकों की पदोन्नति को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राजकीय शिक्षक संघ ने इस मुद्दे पर अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा को पत्र भेजकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।


संघ का कहना है कि विभागीय नियमों के अनुसार एलटी ग्रेड से प्रवक्ता, प्रवक्ता से अधीनस्थ राजपत्रित और अधीनस्थ राजपत्रित से कक्षा-2 प्रधानाचार्य पद पर हर वर्ष पदोन्नति का प्रावधान है। इसके बावजूद बीते 14 वर्षों से बड़ी संख्या में शिक्षकों को पदोन्नति नहीं मिल सकी है।

इसका परिणाम यह है कि कई शिक्षक 30 से 32 वर्ष की सेवा देने के बाद भी अपने मूल पद पर ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इससे न केवल शिक्षकों का मनोबल गिर रहा है, बल्कि विभागीय व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लग रहा है।

संघ के प्रांतीय संरक्षक रामेश्वर प्रसाद पांडेय ने आरोप लगाया कि इस मामले में विभागीय अधिकारी पूरी तरह निष्क्रिय बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हर वर्ष जुलाई माह में पदोन्नति से संबंधित आदेश जारी किए जाते हैं, लेकिन माध्यमिक शिक्षा विभाग में इन आदेशों को लागू नहीं किया जा रहा है।

शिक्षक संघ ने मांग की है कि लंबित पदोन्नतियों को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि योग्य और वरिष्ठ शिक्षकों को उनका अधिकार मिल सके। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संघ आगे आंदोलन का रास्ता भी अपना सकता है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more