24 February 2026

राजधानी के नौ स्कूलों के बाहर ‘सेफ जोन’ बनेंगे

नई दिल्ली,   स्कूलों के बाहर बच्चों को सड़क दुर्घटना से बचाने के लिए सेफ स्कूल जोन बनाने की योजना को विस्तार दिया जाएगा। जल्द अलग-अलग जिलों के नौ स्कूलों के आसपास इस योजना पर काम किया जाएगा।



योजना के तहत बच्चों के सुरक्षित स्कूल आने-जाने की व्यवस्था करने के लिए ढांचागत बदलाव किए जाएंगे। जिला प्रशासन की सिफारिश पर लोक निर्माण विभाग सहयोगी एजेंसियों के साथ मिलकर इस पर काम करने का खाका तैयार कर रहा है। दावा किया जा रहा है कि वसंत कुंज में पायलट प्रोजेक्ट के परिणाम बेहतर मिले हैं।


आईआईटी दिल्ली ने दुर्घटनाओं के अध्ययन के आधार पर इन स्कूलों का चयन किया है। इन स्कूलों के 250 मीटर से एक किलोमीटर तक के दायरे में यह जोन विकसित किया जाएगा। सेफ स्कूल जोन के तहत स्कूलों के आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए कई उपाय किए जाएंगे। ड्रॉप ऑफ लेन बनाई जाएंगी, बच्चों को लेने आ रहे माता-पिता के लिए वेटिंग एरिया बनाने सहित कई उपाय किए जाएंगे।