24 February 2026

शिक्षण में एआई के प्रभावी उपयोग को समझना होगा


प्रयागराज। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में सोमवार को ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के संदर्भ में अनुभवात्मक शिक्षण में नवाचार’ विषयक सेमिनार आयोजित किया गया।



मुख्य अतिथि इलाहाबाद विश्वविद्यालय शिक्षाशास्त्र विभाग के प्रो. धनंजय यादव ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमें एआई टूल्स को गहराई से समझना होगा। एआई की अनेक तकनीकें उपलब्ध हैं, परंतु यह समझना आवश्यक है कि इनका उद्देश्य क्या है तथा शिक्षण प्रक्रिया में उनका संतुलित एवं प्रभावी उपयोग कैसे किया जाए। इविवि के ही डॉ. विवेक सिंह ने एआई एवं डिजिटल संसाधनों के प्रयोग, उनके उपयोग के तरीकों तथा कक्षा-कक्ष में उनके समुचित समावेशन पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि प्रो. प्रशांत कुमार स्टालिन, डॉ. श्रुति आनंद, प्रो. नीता सिन्हा, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. दिलीप सिंह ने विचार व्यक्त किए। स्वागत प्राचार्य राजेंद्र प्रताप ने किया। पेपर प्रस्तुति में डायट प्रवक्ता वर्ग में वीरभद्र प्रताप को प्रथम स्थान मिला।