देहरादून, भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ की मौजूदगी में शनिवार को उनके समर्थकों ने प्राथमिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ दफ्तर में मारपीट की। इसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। निदेशक को दफ्तर में 35 मिनट तक बंधक बनाकर रखा गया।
वहीं, विधायक का आरोप है कि निदेशक के बुलाए लोगों ने मारपीट और तोड़फोड़ करने के साथ उन पर हमला किया। पुलिस विधायक व अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। निदेशक अजय नौडियाल ने पुलिस दी तहरीर में बताया दोपहर 12:10 बजे विधायक काऊ समर्थकों के साथ उनके दफ्तर में पहुंचे और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। विधायक और उनके साथ समर्थक बार-बार प्राइमरी स्कूल अस्थल का नाम बदलने का दबाव बना रहे थे। निदेशक के अनुसार, इसका प्रस्ताव शासन को पहले ही भेजा जा चुका है। आरोप है कि निदेशक के साथ गाली-गलौच की गई।
कर्मचारियों ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया तो भीड़ ने हमला कर दिया। आरोप है कि महिला कर्मचारियों को भी पीटा गया। भीड़ ने कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दी और सामान पलट दिया। निदेशक की आंख के पास माथे पर चार टांके लगाए गए हैं। महिला कर्मचारी शाइदा और विमल को भी चोटें आई हैं।

