21 February 2026

संपत्ति का ब्योरा न देने पर वेतन रोका


लखनऊ,   एलडीए के 194 कर्मचारियों को इस महीने भी वेतन नहीं मिलेगा। इन कर्मचारियों ने सरकार के निर्देशानुसार ‘प्रेरणा पोर्टल’ पर अपनी संपत्ति का ब्योरा अपलोड नहीं किया है, जिसके चलते उनका वेतन रोक दिया गया है। इनमें अधिकांश चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और माली शामिल हैं।



सरकार के आदेश के बाद एलडीए उपाध्यक्ष ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित कर्मचारियों का भुगतान रोक दिया है। अब होली जैसे प्रमुख त्योहार पर भी इन कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाएगा, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।


उधर एलडीए कर्मचारी संघ की पूर्व अध्यक्ष विनोदिनी मिश्रा का कहना है कि अधिकांश प्रभावित कर्मचारी आर्थिक रूप से कमजोर हैं और तकनीकी जानकारी के अभाव में वे अभी तक पोर्टल पर विवरण दर्ज नहीं कर सके हैं। उन्होंने एलडीए प्रशासन से अपील की है कि त्योहार को देखते हुए मानवीय आधार पर वेतन जारी किया जाए।