लखनऊ: 69000 शिक्षक भर्ती में शामिल 6800 सूची के अभ्यर्थियों ने राजधानी के इको गार्डन में चल रहे धरना स्थल पर होली मनाई। इस दौरान अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आखिर उनकी होली कब मनेगी।
धरने पर मौजूद अभ्यर्थियों का कहना है कि 69000 शिक्षक भर्ती मामले में प्रदेश सरकार शुरू से ही लापरवाही बरतती रही है। इसी कारण यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि वहां भी सरकार अपना पक्ष ठीक से नहीं रख रही है, जिसकी वजह से सुप्रीम कोर्ट में लगातार नई तारीखें पड़ रही हैं।
अभ्यर्थियों का नेतृत्व कर रहे भंवरजय गुप्ता ने बताया कि इस मामले की अगली सुनवाई 19 मार्च को होनी है। उन्होंने कहा कि सरकार को सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी पैरवी कर इस मामले का जल्द समाधान कराना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को सुप्रीम कोर्ट में 6800 सूची के अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने के लिए ठोस प्रयास करने चाहिए। धरने में रजनीत सिंह, नीरज गुप्ता, दीपक कुमार, चंद्रशेखर सहित कई अभ्यर्थी शामिल रहे।

