जनपदवार सूची में लखनऊ 370 चयनित प्रतिभाओं के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा, जबकि प्रयागराज 216 छात्रों के चयन के साथ दूसरे और कानपुर तीसरे स्थान पर है। कानपुर के 214 छात्रों का चयन हुआ है। प्रतापगढ़ के 121, कौशाम्बी के 48 बच्चों का चयन हुआ है। वहीं आगरा के 119, अलीगढ़ के 69, गोरखपुर के 112, मुरादाबाद के 145, मेरठ के 117, वाराणसी 191 तथा बरेली के 129 छात्रों का चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच को दर्शाती है, बल्कि प्रदेश में नवाचार और अनुसंधान के बढ़ते माहौल की भी पुष्टि करती है। विज्ञान क्लब के समन्वयक डॉ. लालजी यादव ने बताया कि योजना के अंतर्गत कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों का चयन उनके मौलिक और रचनात्मक वैज्ञानिक विचारों के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और उन्हें अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
स्कूलों में वैज्ञानिक सोच को मिलेगा बढ़ावा
इंस्पायर अवार्ड योजना का उद्देश्य स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने अपने नए वैज्ञानिक विचार या समस्या समाधान से जुड़े आइडिया प्रस्तुत किए थे। इनमें से श्रेष्ठ आइडिया का चयन किया गया है।
चयनित विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देकर उनके आइडिया को मॉडल के रूप में विकसित करने का अवसर दिया जाएगा। इस बार चयनित विद्यार्थियों में बेसिक शिक्षा और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के बच्चों के साथ-साथ निजी विद्यालयों के बच्चों के आइडिया भी शामिल हैं। प्रोत्साहन राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

