14 March 2026

परिषदीय विद्यालयों में अराजक तत्वों के प्रवेश पर लगाई जाए रोक

 



बरेली। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बरेली की टीम ने जिला बेसिक अधिकारी के जिले से बाहर होने की वजह से उनके कार्यालय में एक ज्ञापन रिसीव कराया। इस ज्ञापन में संगठन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र पाल सिंह और उनकी टीम द्वारा कहा गया है कि बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में बाहरी अराजक तत्वों का बिना किसी आवश्यक कार्य के आना जाना बना रहता है और कोई आदेश न होने के कारण उन्हें विद्यालय आने के लिए शिक्षकों द्वारा मना भी करने में काफी मुश्किलें भी होती है। 




जिलाध्यक्ष जितेंद्र गंगवार द्वारा बताया गया कि अभी कुछ दिन पूर्व एक बाहरी अराजक तत्व द्वारा पूर्व माध्यमिक विद्यालय भरतौल के छात्रों के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद दोषी व्यक्ति पर एफआईआर की कार्यवाही हुई थी। इस समस्या को लेकर संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि छात्र-छात्राओं की विद्यालय समयावधि में सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में बाहरी अराजक तत्वों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध का आदेश जल्द से जल्द जारी किया जाए। जिला मंत्री गिरजेश कुमार द्वारा कहा गया कि अगर इस संबंध में अगले सप्ताह तक आदेश जारी नहीं होता है तो संगठन पुनः जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर अपनी मांग को मजबूती के साथ उनके समक्ष रखेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र गंगवार, ऋतु मिश्रा, अरविंद चौधरी, पुष्कर उपाध्याय, अजय कुमार, अरविंद गंगवार, राहुल सिंह, अतुल सिंह, अमित गंगवार शिक्षक मौजूद रहे।